आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार (24 अगस्त) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 289 अंक की तेजी के साथ 65,722 के स्तर पर खुला। वहीं, निफ्टी में भी 91 अंको की तेजी रही, यह 19,535 के स्तर पर ओपन हुआ। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में तेजी और 2 में गिरावट देखने को मिल रही है।

जियो फाइनेंशियल के शेयर में लगातार चौथे दिन लोअर सर्किट

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में लिस्टिंग के चौथे दिन भी लोअर सर्किट लग गया है। आज कंपनी का शेयर 5% के लोअर सर्किट के साथ 213.45 पर आ गया है। 22 अगस्त को BSE पर ये 265 रुपए प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुआ।

आज बंद होगा एयरोफ्लेक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड का IPO

स्टेनलेस स्टील के फ्लेक्सिबल होज बनाने वाली कंपनी एयरोफ्लेक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड का IPO आज बंद होगा। इसका IPO अब तक 21.1 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। इस इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO के जरिए कंपनी 351 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। 1 सितंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे।

आज से खुला विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया का IPO

आज विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया लिमिटेड का IPO निवेशकों के लिए खुल गया है। IPO निवेशकों के लिए 24 अगस्त 2023 से 28 अगस्त 2023 तक खुला रहेगा। कंपनी ने अपने IPO का प्राइस बैंड 94 रुपये से 99 रुपए प्रति शेयर के बीच निर्धारित किया है। इसी के साथ कंपनी के IPO का लॉट साइज 150 शेयर का है। विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया लिमिटेड एक इंजीनियरिंग और ईपीसी कंपनी है। इस कंपनी का ध्यान जल आपूर्ति से जुड़े प्रोजेक्ट पर रहता है।

कल भी बाजार में रही थी तेजी

इससे पहले कल यानी बुधवार (23 अगस्त) को भी शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 213 अंक की तेजी के साथ 65,433 के स्तर पर कारोबार बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 47 अंको की मामूली तेजी देखने को मिली, यह 19,444 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में तेजी और 14 में गिरावट देखने को मिली थी।