आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार (11 अगस्त) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 65,450 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में करीब 70 अंको की गिरावट है, ये 19,472 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
इससे पहले सेंसेक्स 39 अंक बढ़कर 65,727 के स्तर पर खुला था। वहीं, निफ्टी में 11 अंकों की तेजी देखने को मिली, ये 19,554 के स्तर पर ओपन हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में गिरावट और 7 में तेजी देखने को मिल रही है।
TVS सप्लाई चेन का IPO पहले दिन 0.57 गुना सब्सक्राइब
इंटीग्रेटेड सप्लाई चेन सॉल्यूशन देने वाली कंपनी ‘TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस’ का IPO पहले दिन यानी 10 अगस्त को 0.57 गुना सब्सक्राइब हुआ। रिटेल इनवेस्टर्स की कैटेगरी में यह इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO 1.82 गुना, QIB कैटेगरी में 0.08 गुना और NII कैटेगरी में 0.72 गुना सब्सक्राइब हुआ है।
इस IPO के जरिए कंपनी 600 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। रिटेल निवेशक इस IPO के लिए आज से 14 अगस्त तक बोली लगा सकेंगे। 23 अगस्त को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे।
आज ONGC सहित कई कंपनियों के नतीजे
आज कई कई कंपनियों के Q1FY24 यानी पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के रिजल्ट्स अनाउंस होने हैं। आज जिन कंपनियों के नतीजे आने हैं उनमें ONGC, नायका, जायडस लाइफ साइंसेस, अपोलो हॉस्पिटल, ग्लेनमार्क फार्मा, स्पाइसजेट, BEML, कोचीन शिपयार्ड, सिटी यूनियन बैंक, गार्डेन रीच शिपबिल्डर्स, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, IRFC, NMDC, पावर फाइनेंस, सन टीवी और वोल्टास शामिल हैं।
पहली तिमाही में LIC का नेट प्रॉफिट 1300% बढ़ा
देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी LIC ने कल Q1FY24 यानी पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के रिजल्ट्स अनाउंस किए। पहली तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 1,300% बढ़कर 9,544 करोड़ रुपए रहा। इन्वेस्टमेंट पर ज्यादा इनकम के चलते कंपनी के मुनाफे में यह बढ़त देखने को मिली है।
लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) को एक साल पहले की समान तिमाही में 682 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट हुआ था। इस तिमाही में कंपनी का ग्रॉस NPA 2.48% रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 5.84% था। कंपनी का नेट NPA पिछले साल के बराबर शून्य ही रहा है।
कल बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी गुरुवार (10 अगस्त) को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 307 अंक टूटकर 65,688 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 89 अंको की गिरावट देखने को मिली, ये 19,543 रुपए के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 11 में तेजी और 19 में गिरावट देखने को मिली थी।