आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हरियाणा के नूंह (मेवात) में विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा के दौरान हुई हिंसा और बवाल में अब तक 6 लोगों की मौत गई है। नूंह में आज भी कर्फ्यू जारी रहेगा। सोमवार को दंगे भड़कने के बाद नूंह के साथ लगते जिलों में हिंसक घटनाएं बढ़ी हैं। इनमें 2 होमगार्ड, नूंह के भादस गांव का शक्ति, पानीपत का अभिषेक, गुरुग्राम के इमाम और एक अज्ञात शामिल है।

गुरुग्राम और पलवल जिले में भी तनाव बना हुआ है। इस बीच गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि यहां हालात सामान्य हैं। छोटे-छोटे ग्रुप हिंसा फैला रहे हैं और लोगों को टारगेट कर रहे हैं।

नूंह की हिंसा के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने दिल्ली-NCR के 23 इलाकों में रैलियां करने का ऐलान किया है। इन रैलियों को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। हालांकि, कई इलाकों में रैलियां शुरू हो चुकी हैं।

राज्य में पैरामिलिट्री की 13 कंपनियां तैनात

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने बताया को राज्य में पुलिस की 30 कंपनियां और केंद्रीय सुरक्षा बलों की 20 कंपनियों को तैनात किया गया है। सेंट्रल फोर्स की पलवल में 3, गुरुग्राम में 2, फरीदाबाद में एक और नूंह में 14 कंपनियां लगाई गई हैं।

कई जगहों पर सुरक्षाबलों ने आज सुबह फ्लैग मार्च भी किया। राज्य के मुख्यमंत्री एमएल खट्टर ने देर रात बताया कि अब तक हिंसा से जुड़ी 44 FIR दर्ज हुई हैं। 70 लोगों को नामजद कर हिरासत में लिया गया है। उधर, दिल्ली और राजस्थान के भरतपुर में भी अलर्ट जारी किया गया है। भरतपुर की 4 तहसीलों में इंटरनेट बंद किया गया है।

हिंसा का असर: चार जिलों में इंटरनेट और स्कूल बंद, दो दिन की परीक्षाएं भी स्थगित

9 जिलों में धारा 144 लागू: नूंह, गुरुग्राम, पलवल, झज्जर, फरीदाबाद, रेवाड़ी, सोनीपत, पानीपत और महेंद्रगढ़ में धारा 144 लागू है।

इंटरनेट: नूंह, गुरुग्राम के कुछ हिंसाग्रस्त इलाकों में, पलवल, फरीदाबाद जिले में इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं बुधवार को भी बंद रहेंगी।

स्कूल: नूंह, पलवल, पानीपत जिले के अलावा गुरुग्राम के सोहना उपमंडल में बुधवार को स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि, फरीदाबाद में स्कूल-कॉलेज खोलने का फैसला लिया गया है।

परीक्षाएं: हरियाणा बोर्ड ने 1, 2 अगस्त की 10वीं व डीएलएड की परीक्षाएं प्रदेशभर में आगामी आदेशों तक स्थगित कीं।

बसें: रेवाड़ी डिपो से गुरुग्राम के सोहना, UP के आगरा, मथुरा, अलीगढ़ की बसों का संचालन बंद कर दिया है।

हिंसा में नुकसान: 100 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं। प्रशासन हिंसा में संपत्ति के नुकसान का आकलन कर रहा है।

हिंसा पर किसने, क्या कहा

हरियाणा के डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने कहा, ‘यात्रा के आयोजकों ने जिला प्रशासन को यात्रा के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी थी। इस वजह से ही हिंसा हुई। हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने कहा, ‘हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके जिम्मेदार वे लोग हैं, जो इन दंगाइयों को भड़काते हैं। उनके भड़काने के कारण मुहर्रम और रामनवमी पर हमले होते हैं। 2 अगस्त को देश के सभी जिलों में धरना-प्रदर्शन होगा।