ITDC India e-Press / Agencies

आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सागर के खुरई इलाके में बीना-सागर रोड पर नरेन नदी के पास महिला मजदूरों से भरी लोडिंग गाड़ी पलट गई। शनिवार सुबह हुए हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई। ड्राइवर समेत 23 घायल हैं। गंभीर हालत में 6 महिलाओं को सागर रेफर किया गया है। महिलाएं खुरई से जरुआखेड़ा के जंगल में बीड़ी पत्तियां तोड़ने के लिए जा रही थीं। मृतक महिलाओं में संध्या (30) पति मुकेश अहिरवार निवासी अब्दुल कलाम वार्ड खुरई और लाडली बाई (50) पति ग्यारसे अहिरवार निवासी रेंगुआ शामिल हैं।

दिल्ली में कांग्रेस की बैठक अब 29 मई को

दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की बैठक अब 29 मई को हो गई। 26 मई को बैठक कर्नाटक कैबिनेट के विस्तार के कारण टल गई थी। मध्यप्रदेश के तमाम दिग्गज नेता बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच गए थे। अब तक बैठक दो बार टल चुकी है। बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जानी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ यह बैठक होनी है।

CM शिवराज आज से दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज से दो दिवसीय दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। CM राज्यों के मुख्यमंत्रियों की गवर्निंग काउंसिल में शामिल होंगे। प्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, नवाचारों को लेकर प्रजेंटशन देंगे। मध्यप्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे। 28 मई की सुबह नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।

नीमच में ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी वैन, 3 की मौत

नीमच में मनासा-मंदसौर रोड पर किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में वैन घुस गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। चार लोग गंभीर हैं। घायलों को नीमच के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुआ।