आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शनिवार को मुंबई में देओल परिवार द्वारा गदर 2 की सक्सेस पार्टी रखी गई थी। इस पार्टी में तीनों खान ने शिरकत की थी। इस बीच सनी देओल के बेटे करण देओल और शाहरुख खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें करण, शाहरुख के पैर छूते हुए नजर आ रहे हैं।
देओल फैमिली के साथ दिखे शाहरुख
वीडियो में करण, शाहरुख को देखते ही उनके पैर छू कर आशीर्वाद ले रहे हैं। जैसे ही करण नीचे झुके किंग खान ने उन्हें पकड़ा और प्यार से उनके गाल पर हाथ फेरते हुए दिखाई दिए। वीडियो में शाहरुख के साथ सनी देओल, करण, सनी की बहू दृशा, और बेटे राजवीर भी दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान सभी ने साथ में फोटो भी क्लिक कराई।
फैंस ने की करण की तारीफ
वीडियो सामने आते ही फैंस करण की परवरिश की सराहना कर रहे हैं। वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘संस्कार’। दूसरे ने लिखा, सनी के बेटे का बढ़िया जेस्चर, पारिवारिक मूल्य मायने रखते हैं’।
गदर-2 ने पार किया 500 करोड़ का आंकड़ा
सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर फिल्म गदर-2 ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है। फिल्म ने रिलीज के 4 हफ्तों में ही 500 करोड़ रूपए का आंकड़ा पार कर लिया है। यह फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह फिल्म 2001 में रिलीज हुई फिल्म गदर: एक प्रेम कथा का सीक्वल है। जिसमें सनी देओल, अमीषा के साथ उत्कर्ष शर्मा भी लीड रोल में हैं।