ITDC India e-Press / Agencies

आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में मध्यप्रदेश सरकार के दूसरे सबसे बड़े सतपुड़ा भवन में सोमवार शाम 4 बजे लगी आग मंगलवार सुबह 9.25 बजे फिर भड़क उठी। 6वें फ्लोर के एसी डक्ट से आग की लपटें उठने लगीं। मंगलवार सुबह 8 बजे तक टीम ने आग पर काबू पा लिया था, लेकिन 6वें फ्लोर से धुआं उठ रहा है। इसी फ्लोर में फिर आग भड़की है। इससे पहले भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह ने आग पर पूरी तरह काबू पाने की जानकारी दी थी। उधर, सतपुड़ा भवन में संचालित होने वाले सरकारी दफ्तरों की आज छुट्टी घोषित कर दी गई है। मध्यप्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को लेकर सीएम हाउस में रिव्यू मीटिंग की। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने बताया, ‘सीएम ने जांच के लिए हाई लेवल कमेटी गठित की है। कांग्रेस के आरोपों पर कहा, ‘वहां कोई भी ऐसे महत्वपूर्ण दस्तावेज नहीं थे, जो इस तरह का काम किया जाए। कांग्रेस के आरोप बेबुनियाद है। 4000 से ज्यादा कर्मचारी काम करते थे, कोई इस तरह की साजिश क्यों करेगा।’

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ‘डिजिटल युग में दस्तावेज नष्ट करना संभव नहीं है। थोड़ा समय लगेगा, लेकिन जल्द पूरा बैकअप क्रिएट कर लिया जाएगा। आज शाम से वैकल्पिक दफ्तर शुरू हो जाएंगे। कल से कर्मचारी काम शुरू कर देंगे। कांग्रेस के आरोप पर बोले- कैसे कोई पेट्रोल-केरोसिन ले जाएगा। कांग्रेस हादसों पर राजनीति करती है।’

जांच टीम बोली, अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर गठित अफसरों की टीम भी सतपुड़ा भवन में जांच के लिए पहुंची। जांच दल के सदस्य ACS होम राजेश राजौरा ने कहा, ‘प्रारंभिक जायजा लिया है। अभी आग लगने के कारणों पर कुछ कहना जल्दबाजी होगा। सभी मंजिलों पर आग पर काबू पा लिया गया है। 6वीं मंजिल पर धुआं निकल रहा है। हम दोपहर 1 बजे से अपनी जांच शुरू करेंगे।’ भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह का कहना है, ‘हमारी प्राथमिकता थी कि कोई जनहानि न हो और आसपास के इलाकों में आग न फैले। मुख्यमंत्री ने पूरे समय इस घटना की मॉनिटरिंग की। केंद्र सरकार से आर्मी की भी मदद ली गई। सभी एजेंसीज – आर्मी, CISF, भेल, एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्रयासों से आग काबू में है।’

सेना के 100 जवान और 4 फायर फाइटर आईं

सतपुड़ा भवन के पश्चिमी ब्लॉक की तीसरी मंजिल पर संचालित आदिम जाति विभाग के दफ्तर से शुरू हुई आग के चौथी, पांचवीं और छठवीं मंजिल तक पहुंचने के बाद सरकार ने सेना और एयरफोर्स की मदद मांगी। सोमवार रात करीब 9 बजे सेना के 10 ट्रक से लगभग 100 जवान 4 फायर फाइटरों के साथ आग बुझाने में जुट गए। तेजी से बढ़ रही आग को काबू करने बिल्डिंग में अलग-अलग दिशा से सेना के जवानों ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन की दमकलों से पानी का छिड़काव किया। करीब 50 वाहन, पानी के 500 से अधिक टैंकर आग बुझाने में जुटे रहे।

आग बुझाने की कोशिशें नाकाम होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से एयरफोर्स की मदद मांगी। एयरफोर्स के दो अफसर और 5 जवानों ने सतपुड़ा भवन की लोकेशन-पोजीशन रिपोर्ट तैयार की। एयरफोर्स के अफसर यहां रात करीब 3 बजे तक रुके। रात में ही AN 32 विमान और MI-15 हेलिकॉप्टर आने वाले थे, लेकिन हेलिकॉप्टर नहीं आए।