आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को हराने के लिए बेंगलुरु में विपक्षी दलों की दूसरी बैठक आज से शुरू हो रही है। कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने बताया कि इसमें 26 पार्टियां शामिल होंगी।
वेणुगोपाल ने कहा- मीटिंग मंगलवार सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। सोनिया और राहुल भी आ रहे हैं। सोनिया गांधी ने आज शाम को विपक्षी दलों को डिनर पर बुलाया है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी आज आएंगी। शरद पवार आज बेंगलुरु नहीं आएंगे। वे कल की बैठक में शामिल होंगे। पवार के साथ सुप्रिया सुले भी आएंगी।
सूत्रों के मताबिक, विपक्ष की मीटिंग के एजेंडे में तीन मुख्य मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। पहला- लोकसभा चुनाव में विपक्ष की एकजुटता, दूसरा- सीट शेयरिंग और तीसरा- UPA का नया नाम।
इसके अलावा, यूनिफॉर्म सिविल कोड, मणिपुर हिंसा, 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव के साथ ही भाजपा की पार्टियों को तोड़ने की स्ट्रैटजी और उसके काउंटर प्लान पर भी चर्चा होगी।
इस बैठक से तेलंगाना CM के चंद्रशेखर राव, आंध्र प्रदेश के CM जगन मोहन रेड्डी, आंध्र के पूर्व CM चंद्रबाबू नायडू और ओडिशा के CM नवीन पटनायक ने दूरी बना रखी है।
उधर, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 18 जुलाई को दिल्ली के अशोका होटल में NDA की मीटिंग बुलाई है। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
NDA की बैठक पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- मुझे ताज्जुब है कि मोदी जी ने राज्यसभा में कहा था कि मैं सभी विपक्षियों पर अकेला भारी हूं।
अगर वो सभी विपक्षियों पर अकेले भारी हैं तो वो कल NDA की मीटिंग में 30 पार्टियों को क्यों बुला रहे हैं। उन 30 पार्टियों का नाम तो बताएं। वे हमारी मीटिंग से घबरा गए हैं।
विपक्ष के नेता के सवाल पर भड़के वेणुगोपाल
मीटिंग से पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, विवेक तन्खा और डीके शिवकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। वेणुगोपाल यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) और विपक्षी दलों के नेता के सवाल पर पत्रकारों पर नाराज हो गए।
उन्होंने कहा- मणिपुर में 75 दिनों से हिंसा जारी है। प्रधानमंत्री इस पर चुप हैं। सरकार चाहती है कि विपक्ष भी चुप रहे। राहुल गांधी की संसद सदस्यता अयोग्य ठहराया जाना जैसे बड़े मुद्दे हैं। देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। इस पर तो आप लोग सवाल नहीं उठाते।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा- कुछ नेता आज नहीं आ रहे हैं कल आएंगे और यह बैठक कल सुबह होने वाली है। 11 बजे बैठक शुरु होगी और शाम 4 बजे सभी पार्टियों के नेता देश को संबोधित करेंगे। लेकिन हमारी पटना के बैठक के बाद अचानक प्रधानमंत्री को NDA का ख्याल आया। NDA में एक नई जान फूंकने की कोशिश की जा रही है।
बैठक की तैयारियों की तस्वीरें…
पिछली बैठक में शामिल हुए थे 17 विपक्षी दल
पहली बैठक 24 दिन पहले 23 जून को बिहार के CM नीतीश कुमार ने पटना में बुलाई थी, जिसमें 17 राजनीतिक दल शामिल हुए थे। इस बार विपक्षी कुनबे को और मजबूत करने के लिए 8 और दलों को न्योता भेजा गया है।
पहली बैठक में जनता दल यूनाइटेड (JDU), राष्ट्रीय जनता दल (RJD), आम आदमी पार्टी (AAP), द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK), तृणमूल कांग्रेस (TMC), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्क्सिस्ट CPM, CPI (ML), पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP), नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), सपा, JMM और NCP शामिल हुए थे।