आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मणिपुर हिंसा पर गुरुवार को भी संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके कारण सिर्फ 6 मिनट बाद ही स्पीकर ओम बिड़ला को कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

उधर, राज्यसभा में भी विपक्ष के सांसद तख्तियां लेकर पहुंचे और प्रधानमंत्री सदन में आओ, सदन में आके कुछ तो बोलो, प्रधानमंत्री चुप्पी तोड़ो… जैसे नारे लगाते देखे गए। यह देख NDA के सांसद मोदी…मोदी… के नारे लगाने लगे, तो विपक्ष ने I.N.D.I.A… I.N.D.I.A के नारे लगाए।

नारेबाजी के बीच पहले राज्यसभा 12 बजे तक और उसके बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के सभी सांसद सुबह मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर विरोध जताने काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे।

खड़गे की संजय सिंह काे सलाह- रातभर प्रदर्शन की जरूरत नहीं

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी के निलंबित राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को सलाह दी कि वे रात भर धरने पर न बैठें। बजाय इसके वे हर दिन संसद की कार्यवाही समाप्त होने पर अपना प्रदर्शन भी खत्म कर दिया करें।

वहीं, PM मोदी के राजस्थान दौरे पर खड़गे ने कहा कि पीएम मोदी संसद में नहीं बल्कि राजस्थान में राजनीतिक भाषण दे रहे हैं। खड़गे ने कहा कि लोग अब जागरूक हो गए हैं और इस तरह की राजनीति के खिलाफ लड़ेंगे।आप लोकतंत्र के मंदिर संसद में बात नहीं करना चाहते हैं, लेकिन राजस्थान में नए मेडिकल कॉलेज खोलने पर राजनीतिक भाषण दे रहे हैं।

जानिए दोनों सदन में क्या-क्या हुआ…

लोकसभा स्‍पीकर ने विपक्षी सदस्‍यों को फटकारा: लोकसभा में हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्‍यों को लोकसभा स्‍पीकर ओम बिड़ला ने कड़ी फटकार लगाई। स्‍पीकर ने कहा कि पूरा देश देख रहा है, आपके उसके सामने कैसा उदाहरण पेश करना चाहते हैं। हंगामा न रुकता देख स्‍पीकर ने सदन को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्‍थगित कर दिया।

राज्‍यसभा में मोदी Vs I.N.D.I.A नारे लगे: राज्यसभा में भी जमकर हंगामा हुआ। राज्‍यसभा में विदेश मंत्री एस जयशंकर जब बयान दे रहे थे। विपक्षी सदस्‍यों की नारेबाजी के जवाब में ‌BJP सांसदों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाने शुरू किए। थोड़ी ही देर में विपक्ष ‘I.N.D.I.A,I.N.D.I.A’ के नारे लगाने लगा। शोर की वजह से विदेश मंत्री की आवाज समझ में ही नहीं आ रही थी। शोर ना थमता देख सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन को 12 बजे तक फिर 2 बजे तक स्थगित कर दिया।

संसद के मानसून सत्र के अपडेट्‌स…

सपा नेता, राम गोपाल यादव ने कहा, ‘कोई विरोध प्रदर्शन नहीं होगा… हर कोई काले कपड़े पहनेगा या अपनी बांह पर काला कपड़ा बांधेगा… हम चिंतित हैं क्योंकि मणिपुर की सीमा म्यांमार से लगती है, जहां सैन्य शासन है और आतंकवादियों को पनाह देता है।’

कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने कहा, ‘हमारी मांग थी कि PM खुद आकर बोलें। पता नहीं क्यों प्रधानमंत्री नहीं बोल रहे हैं। हमें मजबूरन अविश्वास प्रस्ताव लाना पड़ा। ये हमारी मजबूरी है। हम जानते हैं कि इससे सरकार नहीं गिरेगी।

जनता दल (U) ने राज्यसभा में अपने सांसदों को दिल्ली सेवाओं पर केंद्र के विधेयक के खिलाफ वोटिंग करने के राज्यसभा में मौजूद रहे व्हिप जारी किया है।

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भारत-चीन बॉर्डर के हालात पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A ने राज्यसभा में होने वाली बिजनेस एडवायजरी कमेटी (BAC) की बैठक का बॉयकॉट कर सकता है।