ITDC India e-Press / Agencies

भोपाल की फंदा जनपद के 96 ग्राम पंचायतों में मंगलवार को ‘गांव की सरकार’ कामकाज संभाल रही है। कई सरपंचों ने शपथ भी ले ली है। कुछ सरपंच तो बैंड-डीजे के साथ जुलूस निकालते हुए ग्राम पंचायतों में पहुंचे और कुर्सी पर काबिज हुए। पहली मीटिंग में दो प्रमुख एजेंडे हर घर तिरंगा और पौधारोपण करने पर चर्चा हुई।

फंदा और बैरसिया जनपद में कुल 222 ग्राम पंचायतें हैं। चुनाव के बाद इन ग्राम पंचायतों के पंच-सरपंच शपथ ले रहे हैं। मंगलवार को फंदा की 96 ग्राम पंचायतों में शपथ के बाद बुधवार को बैरसिया जनपद की 126 ग्राम पंचायतों में शपथ कार्यक्रम होगा। वहीं, 5-6 अगस्त को जनपदों की मीटिंग होगी। जिपं के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य 8 अगस्त को एकसाथ बैठकर विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

पहली मीटिंग में दो एजेंडों पर बात

ग्राम पंचायत, जनपद और जिला पंचायत की पहली मीटिंग में दो प्रमुख एजेंडों पर बात की जाएगी। इनमें 15 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ और पौधारोपण शामिल हैं।

कब-किसकी होगी पहली मीटिंग

    • 2 अगस्त को जनपद पंचायत फंदा की 96 ग्राम पंचायतों में पहली मीटिंग हो रही है। सरपंच, उप सरपंच-पंच शपथ ले रहे हैं।
    • 3 अगस्त को बैरसिया जनपद की 126 पंचायतों में पंच-सरपंच मीटिंग करेंगे।
    • 5 अगस्त को फंदा जनपद पंचायत का पहला सम्मेलन होगा।
    • 6 अगस्त को बैरसिया जनपद पंचायत का सम्मेलन होगा।
    • 8 अगस्त को जिला पंचायत का प्रथम सम्मिलन (मीटिंग) आयोजित की जाएगी।