ITDC India e-Press / Agencies

आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अरब सागर में उठा तूफान बिपरजॉय के गुजरात से टकराने में सिर्फ एक दिन बाकी है। 15 जून की शाम तक यह कच्छ जिले के जखौ पोर्ट से टकराएगा। इस दौरान 150 किमी/घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

वहीं, गुजरात और मुंबई के तटीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के चलते अब तक 9 लोगों की मौत की खबर है। वहीं, गुजरात सरकार ने कच्छ-सौराष्ट्र में समुद्र तट से 10 किलोमीटर की सीमा में 7 जिलों से 38 हजार से ज्यादा लोगों को निकालकर शेल्टर होम में भेजा है।

द्वारकाधीश मंदिर पर 2 ध्वज लगाए

परंपरा के अनुसार सोमनाथ के द्वारकाधीश मंदिर के मुख्य शिखर पर 5 बार ध्वज बदला जाता है। लेकिन मंगलवार से यहां ध्वज नहीं फहराया गया है। इसके नीचे दो ध्वज फहराए गए हैं। दरअसल, दो ध्वज एक साथ फहराने के पीछे एक मान्यता है। कहा जाता है कि इससे आपदा टल जाती है।

अब मंदिर प्रशासन ने तय किया है कि 17 जून तक मुख्य शिखर पर नया ध्वज नहीं लगाया जाएगा। मंदिर के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है। मंदिर के शिखर की ऊंचाई 150 फीट है।

गुजरात के खतरे वाले इलाकों में हमारे 18 रिपोर्टर तैनात हैं। हम पल-पल की खबर आप तक पहुंचा रहे हैं…

गुजरात के द्वारका से 290 किमी दूर है तूफान

मौसम विभाग के बुधवार दोपहर 12 बजे के अपडेट के मुताबिक, तूफान 8 किमी/घंटे की रफ्तार से नॉर्थ-वेस्ट में आगे बढ़ रहा है। तूफान बुधवार सुबह 8:30 बजे द्वारका से 290 किमी और जखौ पोर्ट से 280 किमी दूर था। यह गुरुवार की शाम तक गुजरात के तट पर जखौ पोर्ट से टकराएगा।

मैप से समझिए तूफान का रूट…

गृह मंत्री ने मंगलवार को की थी आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्रियों के साथ बैठक

उधर, अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्रियों के साथ बैठक की थी। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, दो केंद्रीय मंत्री, गुजरात सरकार के कई मंत्री भी शामिल हुए।

बैठक में शाह ने बिपरजॉय तूफान से निपटने को आपदा प्रबंधन के लिए 8000 करोड़ रुपए की 3 बड़ी स्कीमों की घोषणा की। इसमें फायर ब्रिगेड का आधुनीकरण, बाढ़ नियंत्रण और लैंडस्लाइड की घटनाओं पर रोकथाम शामिल हैं।