आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :  पश्चिम बंगाल की 73,887 ग्राम पंचायत सीटों में से 64,874 पर शनिवार सुबह 7 बजे मतदान जारी है। बाकी 9,013 सीटों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया था। निर्विरोध चुने जाने वाले उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा 8,874 तृणमूल कांग्रेस से हैं।

सेंट्रल फोर्सेस की तैनाती के बाद भी अलग-अलग इलाकों से हिंसा की खबरें आ रही हैं। सुबह वोटिंग शुरू होते ही कूच बिहार के सिताई में बाराविटा प्राइमरी स्कूल में बने पोलिंग बूथ में तोड़फोड़ की गई और बैलट पेपर्स में आग लगा दी गई।

पिछले 24 घंटों में चुनावी हिंसा में पांच जिलों में आठ लोगों के मरने की खबर है। मरने वालों में पांच TMC कार्यकर्ता, एक CPI(M) कार्यकर्ता, एक भाजपा उम्मीदवार का पोलिंग एजेंट और एक निर्दलीय उम्मीदवार का पोलिंग एजेंट शामिल है। 9 जून से अब तक हिंसक घटनाओं में मरने वालों की संख्या 18 हो चुकी है।

पंचायत चुनाव की तस्वीरें…

मतदान से जुड़े अपडेट्स

गवर्नर सीवी आनंद बोस ने कहा कि मैं सुबह से फील्ड पर निकला हूं। मुझे लोगों ने बताया कि कैसे गुंडे उन्हें वोट डालने नहीं दे रहे हैं। चुनाव बैलेट से लड़ा जाना चाहिए बुलेट से नहीं।

पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम ब्लॉक 1 के रेजिडेंट्स ने TMC पर बूथ कैप्चर करने का आरोप लगाते हुए इलेक्शन का बॉयकॉट किया।

लोगों का कहना है कि महम्मदपुर के बूथ नंबर 67 और 68 में सेंट्रल फोर्स की तैनाती की जाए। तैनाती न होने तक वे वोट नहीं डालेंगे।

शनिवार तड़के मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज इलाके में TMC और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इसमें टीएमसी कार्यकर्ता को गोली मार दी गई।

मालदा के रतुआ चांदमोनी इलाके में बमबारी में मेजारुल हक नामक युवक घायल हो गया।

हुगली के आरामबाग में निर्दलीय उम्मीदवार जहांआरा बेगम के एजेंट को TMC कार्यकर्ताओं ने गोली मार दी।

तृणमूल ने आरोप लगाया कि कई पोलिंग सेंटर्स पर केंद्रीय बल के जवान लोगों को भाजपा को वोट देने के लिए कह रहे हैं।

हुगली के तारेकेश्वर में एक निर्दलीय उम्मीदवार की बेटी को गोली मारी गई। लोगों का आरोप है कि गोली TMC कार्यकर्ताओं ने मारी है।

पांच जिलों में आठ लोगों की मौत हुई

TMC के मुताबिक, शनिवार सुबह मुर्शिदाबाद के बेलडांगा और कूचबिहार के तूफानगंज में दो पार्टी कार्यकर्ताओं, जबकि मालदा के मानिक चौक में TMC नेता के रिश्तेदार की हत्या कर दी गई। इससे पहले शुक्रवार रात रेजीनगर और खारग्राम में दो कार्यकर्ता मारे गए थे।