आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय और विवेकानंद केंद्र भोपाल शाखा के संयुक्त तत्वाधान में विश्वविद्यालय के माखनपुरम परिसर में विश्व बंधुत्व दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया । विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विवेकानंद केंद्र के सौरभ शुक्ला एवं वरिष्ठ पत्रकार व लेखक गिरीश उपाध्याय थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के विभागाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने की । इस अवसर पर मुख्य वक्ता सौरभ शुक्ला ने कहा कि ईश्वर एक ही है, उसे पाने के तरीके अलग-अलग हैं। उन्होंने कहा कि आगे जाने के लिए व्यक्ति को अपनी लाइन बड़ी करना चाहिए दूसरे की लाइन छोटी करने के बारे में नहीं सोचना चाहिए। शुक्ला ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्वामी विवेकानंद के विचारों को जानना व अनुसरण करना जरूरी है।
वहीं मुख्य वक्ता गिरीश उपाध्याय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद महान संचारक थे। उन्होंने कहा कि 30 साल के युवा ने शिकागो में अपनी मेधा, प्रतिभा और अनुभव से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया था। उन्होंने शिकागो धर्मसभा के रहस्य पर भी प्रकाश डाला । कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के विभागाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने कहा कि यदि व्यक्तित्व विकास सीखना है तो हमें स्वामी से सीखना चाहिए l उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने ही सही मायने में विश्व बंधुत्व की भावना को जगाया था। विश्वविद्यालय और विवेकानंद केंद्र के संयुक्त आयोजन का संचालन सांस्कृतिक समन्वयक अरुण कुमार खोबरे ने किया। इस अवसर पर सहायक प्रध्यापक एवं सांस्कृतिक समन्वयक उर्वशी परमार, रेडियो कर्मवीर के निदेशक आशीष जोशी, स्टेशन प्रबंधक परेश उपाध्याय, विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार पंकज पाठक ने किया।