आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद (VHP), सर्व जातीय हिंदू महापंचायत और बजरंग दल के आह्वान पर आज सुबह 11 बजे दोबारा ब्रजमंडल यात्रा निकाली जा रही है। हरियाणा सरकार और नूंह जिला प्रशासन ने इस यात्रा के लिए परमिशन नहीं दी थी।

हालांकि, सोमवार सुबह प्रशासन ने नलहरेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए 10-15 साधु संतों को जाने की अनुमति दे दी। पुलिस के पास इन साधु-संतों की लिस्ट है। इनके अलावा हिंदू संगठन के भी 13 लोगों को परमिशन मिली है।

31 जुलाई को ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हिंसा हुई थी। जिसमें होमगार्ड समेत 6 लोगों की मौत हो गई थी।

नूंह ब्रजमंडल यात्रा से जुड़े अपडेट्स….

नूंह यात्रा में हिस्सा लेने अयोध्या से आए संत जगद्गुरु परमहंस आचार्य महाराज को प्रशासन ने गुरुग्राम सोहना टोल प्लाजा पर रोक दिया। इस कार्रवाई के विरोध में उन्होंने प्लाजा के पास ही आमरण अनशन शुरू कर दिया है।

हरियाणा पुलिस ने नूंह में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंधों का दावा किया है। संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। जिले की सारी सीमाएं 27 अगस्त से ही सील की जा चुकी हैं। हरियाणा से लगने वाली दिल्ली, राजस्थान और UP बॉर्डर भी सील हैं।

जिले की सीमाओं पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री के जवान तैनात हैं जो आने-जाने वाली सभी गाड़ियों की तलाशी ले रहे हैं। वहीं, नूंह के स्कूल-कॉलेज, बैंक और दूसरे तमाम ऑफिस भी बंद हैं। सरकार ने मोबाइल इंटरनेट और बल्क SMS सेवाओं पर भी आज रात 12 बजे तक के लिए बैन लगा रखा है।

इस बार मुस्लिम समुदाय भी सावधानी बरत रहा है। रविवार को ही जिले के गांवों में मस्जिदों से अनाउंसमेंट कराई गई कि सोमवार को यात्रा के चलते मुस्लिम समुदाय के लोग अपने घरों से बाहर न निकलें। गांवों में भी किसी जगह 4 से अधिक लोग इकट्ठे न हों। कोई भी अपने गांव से बाहर न जाए।

संगठन के सुरेंद्र प्रताप आर्य और योगेश हिलालपुरिया, जिन्हें प्रशासन ने मंदिर जाने की परमिशन दी है, उन्हें रविवार रात को ही गिरफ्तार कर लिया था।

फोटोज में देखिए नूंह के हालात…

सबसे पहले जानिए यात्रा का शेड्यूल

VHP ने ब्रजमंडल यात्रा का शेड्यूल जारी किया है। इसके मुताबिक, सुबह 11 बजे नूंह के नल्हड़ गांव स्थित ऐतिहासिक नलहरेश्वर महादेव मंदिर से जलाभिषेक के साथ यात्रा शुरू होगी। यहां से यात्रा नूंह शहर से गुजरते हुए फिरोजपुर झिरका पहुंचेगी। सिंगार गांव में खत्म होगी। इस दौरान नलहरेश्वर मंदिर और फिरोजपुर झिरका और सिंगार गांव के मंदिर में जलाभिषेक कार्यक्रम होगा।

VHP नेता आलोक कुमार ने बताया कि मेवात का इलाका संवेदनशील है, इसलिए हम 31 जुलाई को हिंसा की वजह से अधूरी रह गई यात्रा को छोटा करेंगे, लेकिन उसे छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि पिछली बार जो यात्रा बीच में छूट गई थी, उसे सावन के सोमवार को पूरा करना जरूरी है और आज, यानी 28 अगस्त को सावन का आखिरी सोमवार है।

CM-विहिप आमने-सामने

हरियाणा के CM मनोहर लाल और विश्व हिंदू परिषद के नेता इस यात्रा को लेकर आमने-सामने हैं। CM ने यात्रा से एक दिन पहले, रविवार को कहा था कि नूंह में दोबारा यात्रा निकालने की परमिशन नहीं दी गई। CM ने लोगों से अपील की थी कि वह नूंह न जाकर अपने नजदीकी मंदिर में ही जलाभिषेक का कार्यक्रम करें।