आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संसद के मानसून सत्र का आज (2 अगस्त) 10वां दिन है। दिल्ली में अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े विधेयक पर चर्चा शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद लोकसभा 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

भाजपा ने बुधवार को व्हिप जारी कर अपने सभी सांसदों को सदन में मौजूद रहने को कहा था, जिससे इस विधेयक को पास कराया जा सके।

वहीं, राज्यसभा में विपक्षी दलों ने मणिपुर हिंसा पर चर्चा की मांग करते हुए रूल 267 के तहत 60 नोटिस दिए, जिन्हें सभापति जगदीप धनखड़ ने अस्वीकार कर दिया। इससे नाराज विपक्ष ने राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया।मणिपुर मामले में I.N.D.I.A के सदस्य राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।

आज इन बिलों पर भी होगी चर्चा

लोकसभा में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (संशोधन) विधेयक, 2023 पर चर्चा होगी और उसे पास कराया जाएगा।

राज्यसभा में जन विश्वास (संशोधन) विधेयक, 2023 पर चर्चा करके उसे पास कराया जाएगा।

अविश्वास प्रस्ताव पर 8 से 10 अगस्त तक चर्चा होगी

बीते दिन संसद में लोकसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय किया गया कि अविश्वास प्रस्ताव पर 8 से 10 अगस्त के बीच बहस होगी। संभावना है कि पीएम मोदी 10 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब दे सकते हैं।

अब जान लीजिए कल दोनों सदनों में क्या हुआ…

लोकसभा:

1 अगस्त को लोकसभा में जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रेशन (संशोधन) बिल पास हुआ। इसके तहत अब बर्थ सर्टिफिकेट (जन्म प्रमाणपत्र) को किसी शैक्षणिक संस्थान में एडमिशन, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने, आधार नंबर, शादी का रजिस्ट्रेशन और नौकरी के अपॉइंटमेंट में दिया जा सकेगा।

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने एक सवाल के जवाब में बताया कि महिला सम्मान सेविंग सर्टिफिकेट स्कीम के तहत 14.8 लाख खाते खोले गए। आजादी के अमृत महोत्सव में सरकार ने ये स्कीम महिलाओं और बच्चों के लिए लॉन्च की है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि सरकार के लिए पत्रकारों समेत देश के सभी नागरिकों की सुरक्षा अहम है। इसके लिए स्टेंडर्ड ऑपरेटिंग सिस्टम (एसओपी) को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि बीते पांच सालों (2018 से 2022 तक) में 53,336 सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) के जवानों ने नौकरी छोड़ दी है। इसमें 47,000 सैनिकों ने मर्जी से रिटायरमेंट लिया और 6,336 जवानों ने इस्तीफा दिया है। वहीं, 658 CAPF जवानों ने आत्महत्या कर ली।