आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली, पंजाब, हिमाचल और गुजरात समेत उत्तर-पश्चिम राज्यों में इस मानसून जमकर बारिश हो रही है। दिल्ली में अब तक सामान्य से 45% अधिक बारिश हुई है। वहीं गुजरात में 90% से ज्यादा पानी बरसा है।

हिमाचल में अगले 3 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शिमला, सिरमौर, सोलन, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर और ऊना जिलों में भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा जताया गया है।

तेलंगाना के मुलुगु में मुटियाला धारा जल प्रपात देखने गए 80 टूरिस्ट भारी बारिश के चलते वहां फंस गए थे। NDRF ने उनका रेस्क्यू किया और उन्हें मेडिकल सर्विस दी गई।

उधर मुंबई में गुरुवार को मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। जिसके चलते मुंबई के सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों को 27 जुलाई के लिए बंद कर दिया गया है।

जुलाई 2020 में मुंबई में 1502 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई थी। इस साल 1 जुलाई से 26 जुलाई 2023 तक मुंबई में कुल 1557.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। इस तरह से जुलाई में बारिश का पिछला रिकॉर्ड टूट गया है।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश।

इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: झारखंड और मेघालय में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

बारिश की संभावना नहीं: केरल, तमिलनाडु और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है।

मध्यप्रदेश में गुरुवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल में सुबह 4 से 5 बजे के बीच तेज बारिश हुई। नर्मदापुरम में भी सुबह 4 बजे से रुक-रुक कर पानी गिर रहा है। 4 घंटे में 2 इंच से ज्यादा पानी गिरने से निचले इलाकों में पानी भर गया।

छत्तीसगढ़ के 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की माने तो बंगाल की खाड़ी में मानसून की दिशा में बदलाव आया है। इसके कारण 24 घंटे तक लगातार बारिश की संभावना है। 8 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिमी UP में मूसलाधार बारिश फिर शुरू हो गई है। वहीं, आज भी मौसम विभाग ने 36 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी UP में 30 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा। नोएडा में 12वीं तक के स्कूल आज भी बंद हैं।

राजस्थान में इस सीजन मानसून अब तक मेहरबान रहा है। बुधवार देर शाम बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, भरतपुर संभाग के कई जिलों में भारी बरसात हुई। वहीं, मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आज भी राज्य के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है।

हरियाणा में मानसून एक्टिव होने से बारिश को लेकर अभी कोई राहत मिलने के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग ने सूबे में 31 जुलाई तक बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। सूबे के 16 जिलों में आज भी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट है।