आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मानसून सत्र का शुक्रवार को आखिरी दिन है। लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के 2 मिनट बाद ही हंगामा के चलते स्थगित हो गई। उधर, राज्यसभा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी को सस्पेंड का मुद्दा उठा।

राज्‍यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सदस्‍यों के निलंबन का मुद्दा उठाया। हाथ जोड़ते हुए सभापति जगदीप धनखड़ से कहा कि प्‍लीज मेरा माइक बंद न करें। दरअसल, जैसे ही खड़गे बोलने के लिए उठे सभापति उन्हें रोकने लगे।

खड़गे ने आगे कहा, हम तो इसमें विश्वास रखते हैं कि कल करने का है तो आज करो। आज करने का है तो अभी करो। पल में प्रलय होगा फिर करोगे कब। सर डिबेट में छोटी-मोटी बात होती रहती है। जब एक-दूसरे के विषय में कहते हैं, अगर वह अनपार्लियामेंट्री हैं। किसी को दुखी करता है तो उस आप कह सकते हैं कि ये अनपार्लियामेंट्री है। ये ठीक नहीं है।

लेकिन वहां (लोकसभा में) हमारे अधीर रंजन चौधरी साहब को निलंबित किया गया। वो बेहद हल्का मामला था। उन्होंने इतना ही बोला ‘नीरव मोदी’। नीरव मतलब शांत। साइलेंट। वो नीरव मोदी बोले। इसलिए आप उसे सस्पेंड करते हैं।

खड़गे ने कहा, दिल की बात करूंगा, मन की बात तो मोदी जी करते हैं

इस बीच सदन में उन सांसदों को विदाई दी गई, जिनका कार्यकाल खत्म हो रहा है। सभापति जगदीप धनखड़ के बाद नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विदाई दी। खड़गे ने सभापति से कहा ‘पता नहीं कि दोबारा हम मिलेंगे या नहीं, हमारी उम्र हो रही है।’

जब सभापति ने कहा क‍ि अपने मन की बात कीजिए तो खड़गे ने कहा कि दिल की बात करूंगा, मन की बात तो मोदी जी करते हैं। इसपर सभापति ने कहा कि दिल से मन की बात कर लीजिए।

अधीर रंजन चौधरी के सस्पेंशन पर कांग्रेस पार्लियामेंट्री बैठक

मानसून सत्र में 10 अगस्त को चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने एक विवादित बयान दिया। अधीर ने कहा, जहां राजा अंधा, वहां द्रौपदी का चीरहरण होता है।

उनके इस बयान के बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रह्रलाद जोशी ने चौधरी को सस्पेंड करने का प्रस्ताव दिया जिसे स्पीकर ने स्वीकार कर लिया। अधीर के सस्पेंशन को लेकर CPP (कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी) अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज सुबह कांग्रेस के लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई है। यह मीटिंग संसद स्थित CPP कार्यालय में होगी।