आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कृषि अवसंरचना निधि AIF योजना तथा एमपी फार्म गेट एप का एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन शाजापुर जिले में किया गया।
एमपी फार्म गेट एप तथा प्रदेश में भारत सरकार की योजना कृषि अवसंरचना निधि AIF की विशेषताओं का प्रचार-प्रसार करने कृषकों, व्यापारियों, उद्यमियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को इन योजनाओं की मुख्य विशेषताएँ जैसे फसलोपरांत प्रबंधन एवं सामुदायिक खेती संबंधित परियोजना की जानकारी मंडी बोर्ड भोपाल के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सभाकक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के प्रारंभ में मंडी बोर्ड के अपर संचालक चंद्रशेखर वशिष्ठ द्वारा उपस्थित समस्त अतिथियों का स्वागत किया गया, शाजापुर जिले के जिलाधीश किशोर कुमार कान्याल कार्यशाला में विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सयुंक्त संचालक प्रवीण वर्मा एवं अन्य विभागीय अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
भारत सरकार की योजना AIF की प्रशंसा करते हुए इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाने हेतु जिलाधीश कान्याल द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। देश में कृषि अधोसंरचना सुधार के क्रम में वित्तीय सहायता देने के उद्देश्य से कृषि अवसंरचना निधि (AIF) योजना का संचालन किया जा रहा है। जिसमें एक लाख करोड़ रूपये का भारत सरकार द्वारा कोष सृजित किया गया है। योजना में बैंकों से ऋण लेने पर राशि रूपये दो करोड़ तक‚ योजना स्वीकृत होने पर तीन प्रतिशत प्रति वर्ष की ब्याज की छूट हितग्राही को उपलब्ध कराई जा रही है। जिला कलेक्टर महोदय कान्याल द्वारा अपने उद्बोधन में समस्त कृषक बंधुओं तथा व्यापारी भाइयों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए गए। AIF योजना का प्रस्तुतीकरण पूजा सिंह, उप संचालक AIF के द्वारा किया गया।
कार्यशाला के द्वितीय चरण में अपने घर खलियान से अपनी कृषि उपज अपने दाम पर विक्रय करने की सुविधा, कृषि विक्रय में होने वाले खर्चों में कटौती, मंडी में होने वाली भीड़ से बचत आदि सुविधाओं के संबंध में एमपी फार्म गेट ऐप से संबंधित उपयोगिता किस तरह से उक्त ऐप को एंड्राइड मोबाइल पर गूगल प्ले स्टोर पर जाकर डाउनलोड किया जा सकता है तथा उक्त ऐप को किस तरह से इस्तेमाल किया जा सकता है‚ विषय पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रस्तुतीकरण चंद्रशेखर वशिष्ठ, अपर संचालक, मंडी बोर्ड द्वारा किया गया। कार्यशाला में बड़े स्तर पर शाजापुर मंडी से आए हुए व्यापारियों तथा कृषकों द्वारा अपनी जिज्ञासा अनुरूप प्रश्न पूछे गए जिसका समाधान करके उत्तर उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा दिया गया।
अपने उद्बोधन में अपर संचालक चंद्रशेखर वशिष्ठ द्वारा एमपी फार्म गेट ऐप तथा AIF योजना की उपयोगिता बतायी गई, जिसमें कृषकों को उनकी कृषि उपज का अधिकतम मूल्य एवं उनके रखरखाव के संबंध मे जानकारी दी गई तथा उपस्थित प्रतिभागियों से व्यक्तिगत रुप से चर्चा की, साथ ही इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु आव्हान किया गया।