आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। उत्तराखंड के पौडी जिले में लक्ष्मणझूला के पास लैंडस्लाइड में पांच लोग लापता हैं।

पौडी की SSP श्वेता चौबे ने बताया, लैंडस्लाइड के चलते मलबा एक रिसॉर्ट पर गिरा, जिसके नीचे चार-पांच लोग फंस गए।

इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बारिश की स्थिति पर नजर रखने के लिए सोमवार सुबह हाई लेवल मीटिंग की।

बारिश के कारण अधिकांश नदियाँ उफान पर हैं और गंगा नदी टिहरी, हरिद्वार और ऋषिकेश में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

उत्तराखंड के मालदेवता में लगातार बारिश के बीच देहरादून डिफेंस कॉलेज बिल्डिंग पूरी तरह ढह गई है। वहीं मंदाकिनी नदी में बाढ़ की वजह से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे बंद हो गया।

उधर हिमाचल के सोलन में सोमवार को बादल फटने से एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई। जादोन गांव में देर रात हुई इस घटना में दो घर बह गए, जिसमें 3 लापता हैं।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

यहां भारी बारिश होगी: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, सिक्किम।

यहां मध्यम बारिश होगी: झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल…

हिमाचल में 55 घंटे से बारिश जारी, घर-कस्बे जलमग्न; चंडीगढ़-मनाली NH समेत 800 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में बीती रात भारी बारिश से तबाही हुई है। 55 घंटे से जारी हैवी रेन से हालात बिगड़ गए हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर ब्यास, पौंग डैम, रंजीत सागर और सतलुज नदी के कैचमेंट एरिया में बादल फटने जैसी घटनाओं से भारी तबाही की चेतावनी दी गई है। इसी तरह 9 जिले में कल तक फ्लैड फ्लड की भी चेतावनी दी गई है।

मध्यप्रदेश में बूंदाबांदी होगी, लेकिन तेज बारिश नहीं, 18 अगस्त तक ऐसा ही मौसम

प्रदेश में अगले 24 घंटे के भीतर कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। खासकर भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है। जबलपुर और ग्वालियर में धूप-छांव वाला मौसम रहने का अनुमान है।

पंजाब में बारिश का यलो अलर्ट, भाखड़ा में खतरे के निशान से 6 फीट नीचे वाटर लेवल

पंजाब में मौसम विभाग की तरफ से आज बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है। माझा, दोआबा और पूर्वी मालवा में बीच-बीच में बारिश हो सकती है। इसके साथ 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। जिससे बीते कुछ दिनों में बढ़ी गर्मी से भी राहत मिलने की संभावना हैं।

छत्तीसगढ़ में सभी जिलों में आज छाए रहेंगे बादल, बस्तर और सरगुजा संभाग में हो सकती है बूंदाबांदी

राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहे। आज भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है। वहीं बस्तर और सरगुजा के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग से जारी आंकड़ों के मुताबिक रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।