: दीपावली और अयोध्या में आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक विशेष पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने लोगों से अपने परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव में शामिल होने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने इस पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व को भी रेखांकित किया है।
अपने संदेश में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दीपोत्सव केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं से जुड़ा महापर्व है। यह भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की स्मृति के साथ त्याग, मर्यादा और समर्पण जैसे जीवन मूल्यों की प्रेरणा देता है। उन्होंने भगवान श्रीराम के भाई भरत का उदाहरण देते हुए कहा कि भरत ने 14 वर्षों तक राजसुख का त्याग कर श्रीराम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर रखकर शासन किया। इससे यह सीख मिलती है कि सत्ता का अर्थ अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाना है।
मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव को आस्था और अर्थव्यवस्था का संगम बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से कुम्हारों, फूल विक्रेताओं, होटल कारोबारियों और स्थानीय व्यापारियों को रोजगार तथा आय के अवसर मिलते हैं। उन्होंने लोगों से स्थानीय कारीगरों के बनाए मिट्टी के दीये और अन्य उत्पाद खरीदने का आग्रह किया। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद परिवारों को दीये, मिठाइयां और नए कपड़े देकर उनकी दीपावली भी खुशहाल बनाने की अपील की। युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने और नकारात्मकता से दूर रहने का संदेश भी दिया।
Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #योगी #प्रदेशवासियों #अपील #परिवार #संग #अयोध्या #आएं #योगीकीप्रदेशवासियोंसे