योगी का राहुल गांधी पर तंज, बोले- उनका धुआं निकल चुका है
सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ: गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। दोनों नेताओं ने कांग्रेस के नेतृत्व और विपक्ष की भूमिका को लेकर निशाना साधते हुए पार्टी पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे अब पूरी तरह ‘फुस्स’ हो चुके हैं और उनका धुआं निकल चुका है। योगी ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर चुनावी हार के बाद अराजकता की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनादेश का सम्मान करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जिम्मेदारी है, लेकिन विपक्ष अपनी हार को स्वीकार करने के बजाय व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है।
वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को लॉन्च करने की कोशिश बार-बार की जा रही है, लेकिन उनका लॉन्चिंग पैड ही खराब है, जो ऐसे नेता को पैदा करता है। नवीन ने कांग्रेस के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए पार्टी की राजनीतिक दिशा और कार्यशैली की आलोचना की।
यह बयान भाजपा की प्रदेशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के तहत गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामने आए। इस अभियान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नितिन नवीन की भागीदारी को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #योगी #राहुल #गांधी #तंज #बोले #उनका #धुआं #योगीकाराहुलगांधी