सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: महज 16 साल की उम्र में मिस यंग इंडिया का खिताब जीतना और फिर यश चोपड़ा जैसे डायरेक्टर की मल्टीस्टारर फिल्म ‘त्रिशूल’ से डेब्यू करना कोई छोटी बात तो नहीं?

वो भी एक ऐसी लड़की के लिए जिसके परिवार में फिल्में देखी तक ना जाती हों। यह लड़की थी 80 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस पूनम ढिल्लन जो आज अपना 62वां जन्मदिन मना रही हैं।

पूनम बीते 46 साल से इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। हालांकि, करियर में 90 फिल्में करने के बाद भी इन्हें अब तक कोई अवॉर्ड नहीं मिला।

आज पूनम के जन्मदिन पर जानिए कि कैसे डॉक्टर बनने का सपना छोड़कर वो एक्ट्रेस बनीं और क्यों 10 साल काम करने के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली…

पूनम ढिल्लन का जन्म कानपुर में हुआ, पर स्कूलिंग चंडीगढ़ में हुई।

पूनम का जन्म 1962 में UP के कानपुर में हुआ था। उनके पिता अमरीक सिंह इंडियन एयरफोर्स में इंजीनियर और मां गुरुचरण कौर स्कूल प्रिंसिपल थीं।

कुछ सालों बाद पिता का ट्रांसफर हुआ तो पूनम परिवार के साथ चंडीगढ़ पहुंच गईं। यहां उन्होंने कार्मल कॉन्वेंट स्कूल से अपनी पढ़ाई शुरू की।

परिवार में फिल्म देखने की थी मनाही

पूनम कभी एक्टिंग फील्ड में करियर नहीं बनाना चाहती थीं। उनका पूरा फोकस पढ़ाई पर ही था और वो डॉक्टर बनना चाहती थीं।

एक इंटरव्यू में इसकी वजह बताते हुए पूनम ने कहा था- ‘मेरे परिवार में फिल्में देखने की मनाही थी। 16 साल की उम्र तक मैंने मात्र 3 ही फिल्में देखी थीं। मैं ना तो फिल्मों के बारे में ज्यादा जानती थी और ना ही इस फील्ड में मेरी दिलचस्पी थी।’

पूनम पढ़ाई में अच्छी होने के साथ-साथ स्पोर्ट्स में भी अव्वल थीं। वो स्कूल में गेम्स कैप्टन थीं।

भीड़ में से बुलाकर राजेश खन्ना ने दिया था कॉम्प्लिमेंट

पूनम जब 8वीं कक्षा में थीं तब हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया चंडीगढ़ में शूटिंग करने पहुंचे थे। पूनम भी अपने फ्रेंड्स के साथ राजेश खन्ना का स्टारडम फील करने के लिए शूटिंग देखने पहुंच गईं।

पूनम इतनी खूबसूरत थीं कि सेट पर स्कूल यूनिफॉर्म में खड़ी लड़कियों की भीड़ के बीच भी काका ने उन्हें नोटिस कर लिया। काका ने पूनम को अपने पास बुलाया और कहा कि आपकी आंखें बहुत खूबसूरत हैं। आगे चलकर पूनम ने राजेश खन्ना के साथ ‘रेड रोज’, ‘दर्द’ और ‘आवाम’ समेत 6 फिल्में की थीं।