आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार लौटाने का ऐलान किया। साथ ही अर्जुन पुरस्कार भी सरकार को वापस कर दिया है। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) की नई बॉडी को खेल मंत्रालय द्वारा भंग किए जाने के बाद पहलवान विनेश के मेडल लौटाने के कदम ने सबको चौंका दिया है। वहीं, बेटी के मेडल लौटाने के बाद मां प्रेमलता का दर्द भी सामने आया है।

प्रेमलता ने बेटी के जज्बे को सलाम किया और कहा कि उसने दूध नहीं लजाया, बल्कि दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनी है। देश के लिए मेडलों की बौछार करने के बाद भी बेटी ने न्याय के लिए लड़ाई लड़ी है।

बता दें कि विनेश फोगाट चरखी दादरी जिले के गांव बलाली की रहने वाली हैं। उन्होंने पहलवानों के साथ यौन शोषण के मामले में भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना-प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई थी। 21 दिसंबर को हुए WFI के चुनाव में भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह को नए प्रेसिडेंट चुने जाने के बाद रेसलर्स ने रोष जताया था।

साक्षी मलिक कुश्ती को कह चुकीं अलविदा

जिसके बाद पहलवान साक्षी मलिक ने कुश्ती को अलविदा कह दिया। वहीं, पहलवान बजरंग पूनिया भी प्रधानमंत्री आवास के बाहर फुटपाथ पर पद्मश्री रख आए थे। पहलवानों के अवॉर्ड वापस लौटाने से खेल मंत्रालय ने WFI की नई बॉडी को भंग कर दिया।

इसी बीच विनेश की माता प्रेमलता से पूरे मामले पर बात की तो उनका दर्द सामने आया। कैमरे पर आने से मना करते हुए प्रेमलता ने कहा कि बेटी ने न्याय की लड़ाई लड़ी है और दूध नहीं लजाया। उन्होंने बताया कि बेटी विनेश को प्रधानमंत्री के साथ देखकर खुशी हुई थी। लेकिन, विनेश को न्याय के लिए जो संघर्ष करना पड़ा वह दुखदायी है। जब बेटी विनेश ने मेडल जीते तो पूरा देश खुशियां मना रहा था।

प्रधानमंत्री से बेटियों को न्याय दिलाने की मांग

आज बड़ा दुख होता है कि उसको अपने मेडल वापस करने पड़े। प्रेमलता ने कहा कि कुश्ती संघ के मामले में बड़े पहलवान सड़कों पर आए और अब ऐसा दिन देखना पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को इस मामले में दखल देते हुए बेटियों को न्याय दिलाने की मांग की।

विनेश फोगाट खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड लौटाएंगी:PM को 2 पेज की चिट्‌ठी लिखी; कहा- हमारे मेडल-अवॉर्ड्स को 15 रुपए का बताया जा रहा

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के विवाद में रेसलर विनेश फोगाट ने खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड लौटाने का ऐलान किया है। विनेश ने पीएम के नाम दो पेज का लेटर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इसमें लिखा- हमारे मेडल्स-अवॉर्ड्स को 15 रुपए का बताया जा रहा है। अब मुझे भी अपने पुरस्कारों से घिन आने लगी है। मुझे मेजर ध्यानचंद खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड दिया गया था, जिनका अब मेरी जिंदगी में कोई मतलब नहीं रह गया है।