ITDC India e-Press / Agencies

भोपाल में एक पति अपनी पत्नी के मायके जाने से इतना दुखी है कि अब तक 4 बार सुसाइड अटेम्प्ट कर चुका है। किस्मत से चारों बार उसकी जिंदगी बच गई। रेल कोच फैक्ट्री के पास राजेन्द्र नगर में रहने वाले इंद्रपाल ने शुक्रवार को फिनाइल पी लिया था। इसके बाद उसे एम्स में भर्ती कराया गया। कुछ देर इलाज के बाद अस्पताल से उसकी छुट्टी कर दी गई। फिनाइल पीने से पहले इंद्रपाल ने 21 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था

9 अगस्त को फांसी लगाते समय बनाया वीडियो

इसके पहले 9 अगस्त को इंद्रपाल ने फांसी लगाने की भी कोशिश की थी। उस दौरान भी उसने एक वीडियो बनाया था। जिसमें वह कह रहा है, मेरी बीवी मुझे छोड़कर ललितपुर चली गई है। मेरा साला मेरी बीवी को पहुंचा नहीं रहा है। इसलिए मैं आत्महत्या कर रहा हूं। अगर मुझे कुछ होता है ताे मेरी मौत का जिम्मेदार मेरा साला और मेरी बीवी रहेगी। मैं उसे लेने गया तो मुझे मार-मारकर भगा दिया गया।

इससे पहले भी इंद्रपाल ने एक बार ऑलआउट का लिक्विड पी लिया था, इलाज के बाद वह ठीक हो गया था। इसके बाद तालाब में कूदकर जाने देने की कोशिश की थी, लेकिन वह बच गया। बताया जा रहा है कि पति हरकतों से परेशान होकर पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई है। इंद्रपाल सिंह एम्स भोपाल में गार्ड की नौकरी करता है।

बेटी का चेहरा याद आते ही बदल जाता है मन

इंद्रपाल का कहना है, बेटी का चेहरा याद आते ही सुसाइड करने का मन बदल जाता है। फांसी के समय भी यही हुआ। फंदा बनाया, उसे गले में डाला… पर बेटी की याद आते ही, स्टूल से नीचे उतर आया। सोचता हूं मेरी मौत के बाद यदि बीवी को मायके वालों ने भगा दिया, या पत्नी ने बेटी को छोड़ दिया तो उसका क्या होगा। वह कहां भटकेगी।