आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय इंदौर की 1 नंबर विधानसभा से उम्मीदवार घोषित होते ही चुनावी मोड में आ गए है। मंगलवार को इंदौर में बड़ा गणपति मंदिर में दर्शन करने के बाद कार्यकर्ताओं से चर्चा में उन्होंने कहा कि ‘मेरी चुनाव लड़ने की एक प्रतिशत भी इच्छा नहीं थी। मैं तो एक दिन में आठ सभाओं की तैयारी कर रहा था। 5 हेलिकॉप्टर से तीन कार से पहुंच सकूं, ऐसी जगह जाने की तैयारी में था।’
उन्होंने कहा कि सच कह रहा हूं, मैं अंदर से खुश नहीं हूं, इसलिए कि मेरी चुनाव लड़ने की इच्छा ही नहीं थी। चुनाव लड़ने का एक माइंड सेट होता है। अपने को तो जाना है भाषण देना है। बड़े नेता हो गए अब तो अपन। हाथ जोड़ने कहां जाएं। भाषण देना और निकल जाना। मैंने तो यही सोचा था। प्लान भी ऐसा ही बनाया था कि रोज 8 सभा करनी है। 5 हेलिकॉप्टर से और 3 कार से। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि मैं उम्मीदवार हूं। मुझे लग ही नहीं रहा है कि मुझे टिकट मिल गया है।
चुनावी जनसंपर्क का भी आगाज
इससे पहले महाकाल मंदिर से दर्शन कर उज्जैन से लौटने के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। विजयवर्गीय यहां कार्यकर्ताओं के साथ बुलेट से पहुंचे। उन्होंने इसी के साथ अपने चुनावी जनसंपर्क का भी आगाज कर दिया है। बड़ा गणपति मंदिर में दर्शन के बाद विजयवर्गीय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, टीनू जैन, गोलू शुक्ला सहित बीजेपी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इंदौर-1 से टिकट के बाद विजयवर्गीय का पहला इंटरव्यू; बोले- मुझे हारने के लिए थोड़े उतारेंगे
मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने इंदौर सहित पूरे प्रदेश को चौंका दिया है। भाजपा ने इंदौर क्षेत्र क्रमांक-1 से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को चुनाव में उतार दिया है। टिकट मिलने के ठीक बाद दैनिक भास्कर ने विजयवर्गीय से पूछा कि ये क्या…। वे मुस्करा दिए। हालांकि, 2023 से एक कदम आगे जाते हुए उन्होंने कह दिया है कि हमारे लिए 2024 बहुत महत्वपूर्ण है।
कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला बोले- दम-खम से लड़ूंगा और विजयवर्गीय से जीतूंगा भी
कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला की सीट इंदौर क्षेत्र 1 से राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को उतारकर BJP ने इस सीट को हाईप्रोफाइल बना दिया है। कभी चुनाव नहीं हारने वाले विजयवर्गीय के सामने अब संजय शुक्ला ही उम्मीदवार होंगे या नहीं, यह भी सवाल उठने लगा है? यदि हां रहेंगे तो उनकी रणनीति क्या होगी? दैनिक भास्कर ने इसे लेकर विधायक शुक्ला से सीधे सवाल किए तो वे बोले कि मैं कहीं नहीं जाने वाला। इंदौर-1 से ही दम-खम से चुनाव लड़ूंगा और जीतूंगा।