सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कला, साहित्य और संस्कृति के साथ–साथ विज्ञान संचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई अविस्मरणीय गतिविधियों तथा उपलब्धियों की साक्षी रही भोपाल की सरजमीं पर 7 अक्टूबर 2023 तक देश का अनूठा ‘विज्ञान पर्व’ रवीन्द्र भवन, भोपाल और रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल में आयोजित होने जा रहा है। इस अवसर पर देश की 35 वर्षों से लगातार प्रकाशित विज्ञान और सूचना तकनीक पर आधारित सबसे पहली विज्ञान पत्रिका ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ के 350 वें अंक का लोकार्पण और तीन खंडों में ‘विज्ञान कविता कोश’ का लोकार्पण किया जाएगा।

इस अवसर पर विज्ञान केन्द्रित वैचारिक सत्रों, विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, विज्ञान नाटकों का मंचन, विज्ञान गीतों की प्रस्तुति, वरिष्ठ और युवा कवियों का विज्ञान कविता पाठ जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन होगा। उल्लेखनीय है कि इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए, आईसेक्ट समूह, सी.वी. रामन विज्ञान संचार केन्द्र, आईसेक्ट पब्लिकेशन, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय और स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय, भोपाल के इस प्रतिष्ठा आयोजन में देश के सैकड़ों महत्वपूर्ण विज्ञान संचारकों, विज्ञान लेखकों–कवियों और विज्ञान कर्मियों द्वारा रचनात्मक भागीदारी की जाएगी।

विज्ञान पर्व का भव्य उद्घाटन समारोह
विज्ञान पर्व के उद्घाटन अवसर पर गौरांजनी सभागार, रवीन्द्र भवन, भोपाल में देश की 35 वर्षों से लगातार प्रकाशित विज्ञान और सूचना तकनीक पर आधारित सबसे पहली विज्ञान पत्रिका ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ के 350 वें अंक का लोकार्पण देवेन्द्र मेवाड़ी, वरिष्ठ विज्ञान संचारक एवं लेखक, दिल्ली की अध्यक्षता और पंकज चतुर्वेदी, संपादक, नेशनल बुक ट्रस्ट, दिल्ली के मुख्य आतिथ्य में समारोह पूर्वक किया जाएगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में नम्रता पाठक, सलाहकार एवं प्रमुख एनसीटीसी, दिल्ली, अरविंद मिश्रा, वरिष्ठ विज्ञान लेखक, जौनपुर, उत्तर प्रदेश उपस्थित रहेंगे। लोकार्पण समारोह संतोष चौबे, प्रधान संपादक, ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ एवं कुलाधिपति रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल, विनीता चौबे, संपादक ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ सिद्धार्थ चतुर्वेदी, कुलाधिपति, स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी भोपाल, रजनीकांत, कुलपति, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, वरिष्ठ विज्ञान संचारक के सान्निध्य में आयोजित होगा। लोकार्पण समारोह का संचालन संगीता जौहरी, प्रतिकुलपति रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल द्वारा किया जाएगा।