आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज (25 दिसंबर को) 99वीं जयंती है। दिल्ली के सदैव अटल मेमोरियल पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम नेता उपस्थित रहे। उन्होंने भी पूर्व PM को नमन किया।
पीएम मोदी ने X पर लिखा- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर देश के सभी परिवारजनों की ओर से मेरा नमन। वे जीवनपर्यंत राष्ट्र निर्माण को गति देने में जुटे रहे। मां भारती के लिए उनका समर्पण और सेवा भाव अमृतकाल में भी प्रेरणास्रोत बना रहेगा। इसके साथ ही मोदी ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उनकी पुरानी तस्वीरें लगाई गई थी।
वाजपेयी ने 3 बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी
जवाहर लाल नेहरू के बाद अटलजी पहले नेता थे, जिन्होंने लगातार तीन चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। 25 दिसंबर 1924 में जन्मे अटलजी 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान राजनीति में आए। 1951 में भारतीय जनसंघ के गठन में भी उनकी अहम भूमिका रही।
उन्होंने 1952 के पहले लोकसभा चुनाव में लखनऊ सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन वे चुनाव हार गए। अटलजी को अपने राजनीतिक करियर की पहली सफलता 1957 में मिली। इस साल वे लखनऊ, मथुरा और बलरामपुर से लोकसभा चुनाव में उतरे। इन तीन में से दो सीट पर वे चुनाव हार गए, लेकिन बलरामपुर से उन्हें जीत मिली। इस तरह वाजपेयी का संसदीय सफर शुरू हुआ।
इमरजेंसी के बाद जब मोरारजी देसाई की सरकार बनी तब वाजपेयी ने विदेश मंत्री का पद संभाला। विदेश मंत्री बनने के बाद वाजपेयी पहले ऐसे नेता थे जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा को हिंदी में संबोधित किया।