ITDC India e-Press / Agencies

/ एजेंसियाँ: उत्तराखंड के ऋषिकेश में सात दिन से लापता ग्रेटर नोएडा के कारोबारी नीरज गुप्ता का शव गंगा नदी से बरामद किया गया है। वह ऋषिकेश के गंगा भोगपुर तल्ला क्षेत्र में पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा का संचालन करते थे। 27 अक्टूबर को उनके लापता होने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार नदी में तलाश अभियान चला रही थीं। मंगलवार को रिजॉर्ट से करीब एक किलोमीटर आगे उनका शव मिला।

जानकारी के मुताबिक, नीरज गुप्ता ने लापता होने से पहले रिजॉर्ट के एक कर्मचारी को पांच से छह पन्नों का एक पत्र सौंपा था। पुलिस के अनुसार, पत्र के एक पन्ने पर उन्होंने अपनी जान देने का जिक्र किया था, जबकि बाकी पन्नों में अन्य बातें लिखी थीं। इसके बाद वह अचानक लापता हो गए। तलाशी के दौरान गंगा किनारे उनकी घड़ी और चप्पलें भी बरामद हुई थीं।

मामले में उनकी पत्नी विनीता गुप्ता ने लक्ष्मणझूला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पति के दो परिचितों रवि बजाज और गगन बत्रा पर जमीन की खरीद-फरोख्त और पैसों के लेनदेन को लेकर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया। पत्नी के मुताबिक, वर्ष 2019 में नीरज ने दोनों के साथ मिलकर रिजॉर्ट लीज पर लिया था। इसके अलावा रिजॉर्ट के पास करीब छह बीघा जमीन की खरीद भी की गई थी, जिसको लेकर विवाद चल रहा था।

पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। एसडीआरएफ ने शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और सुसाइड नोट सहित मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #ऋषिकेश #गंगा #मिला #यूपी #कारोबारी #सीएनएन #सेंट्रल #ऋषिकेशमेंगंगासे