सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उत्तर भारत के राज्यों में कड़ाके की सर्दी का असर लगातार जारी है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में आज बर्फबारी की संभावना है। वहीं, मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए आज सीवियर कोल्ड का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में कल (29 जनवरी) न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया था।
उत्तर भारत और मध्य भारत के 8 राज्यों में आज सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और ओडिशा में कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई। कल (29 जनवरी) भी इन राज्यों में घना कोहरा था। दिल्ली में कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सकी थीं।
इसके अलावा आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
नई दिल्ली के ITO इलाके की सुबह 7 बजे की तस्वीर। यहां कोहरा छाया है और विजिबिलिटी काफी कम हो गई है।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में सुबह घना कोहरा और ठंड रही। यहां अभी अगले कुछ दिन ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
उत्तर प्रदेश: लखनऊ-वाराणसी में घना कोहरा; विजिबिलिटी 200 मीटर:12 शहरों में फॉग और 4 जिलों में कोल्ड-डे अलर्ट
यूपी में कड़ाके की ठंड से राहत मिलना शुरू हो गई। हालांकि, ठंडी हवाएं अभी चल रही हैं। सोमवार सुबह से लखनऊ-वाराणसी में समेत कोहरा छाया हुआ है। यहां विजिबिलिटी 200 मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने 12 जिलों में घने कोहरे और 4 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बुधवार को पश्चिमी यूपी के 21 जिलों में बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है।
मध्यप्रदेश: ग्वालियर-पचमढ़ी ही ठंडे, बाकी शहरों में टेम्प्रेचर 25° पार; MP में 5 दिन में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होंगे
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से मध्यप्रदेश में बादल छा रहे हैं। सोमवार को भी भोपाल समेत कई शहरों में बादल रहे। इस कारण सिर्फ ग्वालियर-पचमढ़ी ही ठंडे रहे। बाकी शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री के पार रहा।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 5 दिन में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस आएंगे। इससे 5 फरवरी तक प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। हालांकि, बारिश नहीं होगी। दिन-रात में तेज सर्दी से जरूर राहत मिलेगी।