आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत उत्तर भारत के 12 राज्यों की में आज (3 जनवरी) की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। मध्य प्रदेश के भोपाल और यूपी के बहराइच, गोरखपुर में बुधवार सुबह विजिबिलिटी घटकर 25 मीटर रह गई। घने कोहरे का असर ट्रेनों पर भी देखने को मिला। दिल्ली में 26 ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर नहीं चल सकीं।

कोहरे के अलावा उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तेज बारिश भी देखने को मिली। इंदौर, भोपाल, वाराणसी, लखनऊ समेत 15 शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और यूपी के उन्नाव में ओले भी गिरे। इस कारण इन शहरों में ठंड का असर और बढ़ गया।

पंजाब और हरियाणा के लिए मौसम विभाग ने सीवियर कोल्ड का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में कोल्ड-डे की चेतावनी जारी की है।

उधर, जम्मू-कश्मीर में ठंड का असर बरकरार है। श्रीनगर की डल लेक समेत राज्य की कई झीलों में पानी जम गया है। सबसे ज्यादा ठंड अनंतनाग में पड़ रही है, जहां में पारा बुधवार सुबह माइनस 7º रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पहलगाम में तापमान माइनस 6.6º और गुलमर्ग माइनस 3.8º डिग्री दर्ज किया गया।

अगले 24 घंटे तक बनी रहेगी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर के ऊपर लो प्रेशर का क्षेत्र बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान ये उत्तर की ओर बढ़ सकता है। जिसके चलते लक्षद्वीप, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना है।

प्राइवेट वेदर एजेंसी के मुताबिक पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में सीवियर कोल्ड की स्थिति बन सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के घने कोहरे की स्थिति गुरुवार (4 जनवरी) को भी बनी रहेगी। राजस्थान और हरियाणा में भी कोहरा कम होने की संभावना अभी नहीं है।

मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें

ट्रैफिक – कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधान रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चैक कर लें।

हेल्थ – जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।

अब जानिए राज्यों में मौसम का हाल…

मध्य प्रदेश: भोपाल, इंदौर समेत 21 जिलों में बारिश; सर्द हवाओं से 15 जनवरी तक ठिठुरेगा प्रदेश

मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो गया है। बुधवार को सुबह से ही भोपाल, सीहोर, भिंड में बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। इंदौर में आधी रात को हल्की बारिश हुई। इसके पहले मंगलवार को अशोकनगर, गुना और आगर में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 15 जनवरी तक प्रदेश में सर्द हवाएं चलती रहेंगी।

राजस्थान: 7 शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम, 5 दिन बाद बारिश होगी

राजस्थान में सर्दी का असर बढ़ते जा रहा है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा के कारण अधिकांश शहरों में दिन का तापमान अब 20° सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है। गंगानगर, धौलपुर, हनुमानगढ़ में तो दिन दूसरे शहरों की रात की तुलना में ज्यादा ठंडे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई इलाकों में 5 दिन बाद बारिश होगी।