मुरादाबाद में बेकाबू बोलेरो ने बच्चों को कुचला, दो की मौत; चार घायल
सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मुड़िया भायपुर गांव में तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खेल रहे बच्चों को कुचल दिया। मृतकों में दो वर्षीय अंश भी शामिल है, जिसका हादसे वाले दिन ही जन्मदिन था। परिवार में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे बच्चे गांव में सड़क किनारे लगे पकौड़ी के ठेले के पास खेल रहे थे। इसी दौरान करनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पहले ठेले से टकराई और उसे कुछ दूर तक घसीटते हुए बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो वर्षीय अंश और एक वर्षीय चित्रा की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य बच्चे इच्छा, महक और आयुष घायल हो गए। बच्चों को बचाने की कोशिश में ठेला संचालक की मां चंपा देवी भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गईं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बोलेरो चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहन पर पथराव भी किया गया। स्थिति संभालने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक, मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #मुरादाबाद #बेकाबू #बोलेरो #बच्चों #कुचला #मौत #चार #मुरादाबादमेंबेकाबूबोलेरो