आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : श्रीलंका के महान गेंदबाजों में शुमार पूर्व ऑफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन का मानना है कि 2011 के बाद इस बार भारत के पास एक बार फिर वर्ल्ड कप जीतने का अच्छा मौका है। बुधवार को अपनी बायोपिक ‘800 द मूवी’ के प्रमोशन के लिए इंदौर आए मुरलीधरन से दैनिक भास्कर ने क्रिकेट के भूत-वर्तमान और भविष्य के अलावा आर.अश्विन को इंडियन वर्ल्ड कप स्क्वॉड से बाहर रखने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।
सवाल- वर्ल्ड कप में भारत के लिए क्या संभावनाएं लगती हैं?
मुरलीधरन – भारत ने 2011 में वर्ल्ड कप जीता था। इस बार भी भारत के पास वर्ल्ड कप जीतने का अच्छा मौका है। हालांकि फाइनल तक पहुंचने या ट्रॉफी जीतने के लिए मेहनत के साथ लक की जरूरत भी होती है। लेकिन फिर भी भारत के पास इस बार काफी अच्छा मौका है।
सवाल – आर.अश्विन को इंडियन वर्ल्ड कप स्क्वॉड से बाहर रखने को आप कैसे देखते हैं?
मुरलीधरन- अश्विन के वनडे में पिछले प्रदर्शन को देखते हुए ही सिलेक्टर्स ने फैसला लिया होगा। वैसे भी टीम में अक्षर पटेल, रविन्द्र जडेजा और कुलदीप यादव शामिल हैं। ये तीनों ही स्पिनर हैं, ऐसे में सिलेक्टर्स ने कुछ सोच कर ही अश्विन को बाहर बैठाया होगा। हर टीम इस लेवल पर जीतना चाहती है। ऐसे में सिलेक्टर्स के फैसले पर डाऊट करने की बजाए उनकी स्थिति को समझा जाना चाहिए।
सवाल – आपके जमाने के क्रिकेट और आज के क्रिकेट में क्या फर्क देखते हैं?
मुरलीधरन – पहले इतना ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला जाता था। साल भर में बहुत कम टेस्ट और वनडे सीरीज होती थी। इससे दर्शकों की खेल के प्रति रुचि और क्रिकेट का रोमांच बना रहता था। लेकिन पिछले कुछ सालों में टी-20 के आने के बाद से बहुत ज्यादा क्रिकेट खेला जाने लगा है। टी-20 लीग और टूर्नामेंट की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे दर्शकों में खेल के प्रति खास तौर पर टेस्ट और वनडे क्रिकेट के प्रति रुचि कम हो रही है, जो आने वाले दिनों में और कम होती जाएगी। टू मच ऑफ टूर्नामेंट रुईन ‘द गेम’।
सहवाग को पवेलियन भेजना मेरे लिए हमेशा चैलेंजिंग रहा
मुरली ने कहा आप सभी ने मुझे क्रिकेट खेलते कई बार देखा है, लेकिन अब आप मेरी जीवन कहानी पर्दे पर देखेंगे। मेरा संघर्ष, पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ सभी जनता के सामने होगी। इंदौर के बारे में मुरली ने कहा, यह बहुत साफ-सुथरा शहर है और खाना बहुत अच्छा है। क्रिकेट के लिए बोले कि सहवाग को आउट कर पवेलियन भेजना हमेशा चैलेंजिंग रहा और फेवरेट खिलाड़ी की बात करें तो सचिन का नाम सबसे पहले है।
मुरली द्वारा लिए गए टेस्ट विकेट की संख्या पर है मूवी का टाइटल
बायोपिक ‘800 द मूवी’ के प्रमोशन के लिए इंदौर आए मुरली ने बताया कि उनका रोल ऑस्कर विनर फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के एक्टर मधुर मित्तल निभा रहे हैं। फिल्म 6 अक्टूबर को तमिल, हिंदी और तेलुगु में रिलीज होगी। मधुर ने बताया कि मुरली के किरदार को निभाना चुनौतीपूर्ण था। मैंने उनके बहुत से वीडियो देखे और हाव-भाव सीखने की कोशिश की।
मुझे सिर्फ एक ही बात ध्यान में रखने की हिदायत दी गई थी कि मुरली सर को नकल नहीं करना है, तभी वास्तविक प्रदर्शन कर पाओगे। मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म सभी को पसंद आएगी। फिल्म का टाइटल मुरलीधरन द्वारा टेस्ट क्रिकेट में लिए गए विकेटों की संख्या पर आधारित है, जो अभी तक एक रिकॉर्ड है।