सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कला, साहित्य और संस्कृति के साथ–साथ विज्ञान संचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई अविस्मरणीय गतिविधियों तथा उपलब्धियों की साक्षी रही भोपाल की सरजमीं पर तीन दिवसीय देश के अनूठे ‘विज्ञान पर्व’ का भव्य शुभारंभ रवीन्द्र भवन, भोपाल में किया गया। विज्ञान पर्व के उद्घाटन अवसर पर सबसे पहले गौरांजनी सभागार, रवीन्द्र भवन, भोपाल में देश की 35 वर्षों से लगातार प्रकाशित विज्ञान और सूचना तकनीक पर आधारित सबसे पहली विज्ञान पत्रिका ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ के 350 वें अंक का लोकार्पण किया गया।

वरिष्ठ विज्ञान संचारक और लेखक देवेन्द्र मेवाड़ी, दिल्ली ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि 35 वर्षों से लगातार प्रकाशित होकर ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ पत्रिका ने विज्ञान संचार के क्षेत्र में एक अद्भुत इतिहास रचा है। आज के समय में आमजनता और विद्यार्थियों तक विज्ञान को पहुँचाना बहुत आवश्यक हैं और यह कार्य एक पत्रिका सभी विविधताओं के समावेशी दृष्टिकोण के साथ कर रही है। इस पत्रिका ने साहित्य और विज्ञान के बीच की खाई को पाटने का कार्य वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ किया है।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए संतोष चौबे, प्रधान संपादक, ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ एवं कुलाधिपति रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल, ने कहा कि विज्ञान सभी पढ़ना चाहते है। विज्ञान को सरल, सहज रूप में लिखे जाने की जरूरत है। विज्ञान को रुचिकर रूप में लिखने से आमजन का सीधा जुड़ाव विज्ञान से संभव हो पाता है। हमने ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ पत्रिका में इसको बहुत महत्व दिया है।

इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नम्रता पाठक, सलाहकार एवं प्रमुख एनसीटीसी, दिल्ली ने कहा कि विज्ञान संचार के लिए हिंदी में प्रकाशित होने वाली यह पत्रिका ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ विज्ञान के साथ ही हिंदी के प्रसार और प्रचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण अनवरत आंदोलन है।

कार्यक्रम के विशिष्टअतिथि पंकज चतुर्वेदी, संपादक, नेशनल बुक ट्रस्ट, दिल्ली ने अपने उद्बोधन में कहा कि बदलाव के इस भीषणतम समय में ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ का लगातार प्रकाशित होना और चालीस हजार पाठकों तक हर माह पहुँचना इस मुल्क के लिए बहुत महत्वपूर्ण घटना के रूप में रेखांकित किया जाना चाहिए। विज्ञान पढ़ने वालों के लिए यह पत्रिका एक मिसाल है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद मिश्रा, वरिष्ठ विज्ञान लेखक, जौनपुर, उत्तर प्रदेश ने कहा कि विज्ञान की अलख जगाना बड़ा काम है।

आज की परिस्थितियों में विज्ञान संचार बहुत जरूरी है। इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए यह कार्य बहुत शिद्दत से कर रही है।
इस अवसर पर विनीता चौबे, संपादक ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, सम कुलाधिपति, स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी भोपाल, रजनीकांत, कुलपति, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, वरिष्ठ विज्ञान संचारक ने भी अपने विचार व्यक्त किए। लोकार्पण समारोह का संचालन डॉ. संगीता जौहरी, प्रतिकुलपति रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल द्वारा किया गया।