मुम्बई । मुम्बई शेयर बाजार सोमवार को गिरावट के साथ खुला। सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन बाजार में यह गिरावट बिकवाली हावी होने के साथ ही दुनिया भर के बाजारों से मिले कमजोर संकेतों से आई है। यूक्रेन पर रूसी हमले की आशंका से भी बाजार टूटा है। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1432 अंकों की गिरावट के साथ ही 567207 के स्तर पर खुला। वहीं 50 शेयरों वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 298 अंक फिसल कर 17076 पर खुला।
सुबह बाजार शुरु होते ही सेंसेक्स 1323 अंकों लुढ़ककर 56829 के स्तर पर था जबकि निफ्टी 376.15 अंक नीचे आकर 16,998.60 के स्तर पर। ओएनजीसी और टीसीएस को छोड़ सभी स्टॉक्स नुकसान के साथ ही लाल निशान पर थे। वहीं सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो पीएसयू बैंक, निफ्टी मेटल, निफ्टी फार्मा, रियल्टी, मेटल, हेल्थ केयर, ऑयल एंड गैस इंडेक्स, निफ्टी बैंक, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी ऑटो, प्राइवेट बैंक , आईटी इंडेक्स समेत सभी इंडेक्स लाल निशान पर थे।
बाजार में बिकवाली हावी होने से बैंक निफ्टी इंडेक्स में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है। आईसीआईसीआई बैंक, पीएनबी और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयर बड़ी गिरावट पर कारोबार कर रहे थे। बाजार में बड़ी बिकवाली से बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण भी करीब 5 लाख करोड़ रुपये गिर गया। विश्लेषकों के मुतबाबिक अभी बाजार में कारोबार एक दायरे में रहेगा। इसके साथ ही निवेशकों की निगाह वैश्विक रुख, मुद्रास्फीति के आंकड़ों और कंपनियों के तिमाही परिणामों पर भी रहेगी।