मुंबई । वैश्विक बाजारों में कमजोर रुझान और रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा एचडीएफसी जैसे बड़े शेयरों में गिरावट के बाद गुरुवार को लगातार पांचवे दिन सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट देखी गई और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 817 अंक टूट गया। इस दौरान 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 816.78 अंक की गिरावट के साथ 53,271.61 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 234.05 अंक गिरकर 15,933.05 पर आ गया। सेंसेक्स में अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, एमएंडएम, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व और लार्सन एंड टुब्रो शुरुआती कारोबार में गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।

दूसरी ओर केवल पॉवर ग्रिड ही हरे निशान में था। पिछले कारोबारी सत्र में बुधवार को तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 276.46 अंक के नुकसान के साथ 54,088.39 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 72.95 अंक गिरकर 16,167.10 अंक पर खिसक गया। शेयर बाजारों से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 3,609.35 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे।