नई दिल्ली ।स्वदेशी ईवी निर्माता कंपनी स्टार्म मोटर्स की नई इलेक्ट्रिक कार स्ट्रोम आर3  आ रही है, जिसकी कीमत 5 लाख रुपये से भी कम है। स्ट्रोम मोटर्स की इलेक्ट्रिक कार स्ट्रोम आर3 की बुकिंग जारी है और आप भी इसे महज 10 हजार रुपये टोकन अमाउंट में बुक करा सकते हैं।  स्ट्रोम आर3 को आप कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर बुक करा सकते हैं। कंपनी का दावा है कि बुकिंग शुरू होते ही 4 दिनों में 750 करोड़ रुपये मूल्य की स्ट्रोम आर3 बुक हो गई। आने वाले समय में इस सस्ती इलेक्ट्रिक कार की बिक्री शुरू होगी।

सबसे पहले दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में इस इलेक्ट्रिक कार की बिक्री शुरू होगी और इसकी कीमत 4.5 लाख रुपये रखी गई है। आने वाले समय में और राज्यों में इसकी बिक्री की तैयारी चल रही है। स्ट्रोम आर3 के लुक और फीचर्स की बात करें तो 2 डोर और डबल सीटर इलेक्ट्रिक कार है, जिसमें तीन पहिए लगे हैं। पूरी तरह ऑटोमैटिक इस इलेक्ट्रिक कार में सनरूफ भी है और इसका बूट स्पेस 300 लीटर का है।

इसमें कीलेस एंट्री, पावर विंडो, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 7 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, वॉयस और जेस्चर कंट्रोल, क्लाइमेट कंट्रोल और जीपीएस नैविगेशन समेत कई खास खूबियां हैं। इसमें पार्किंग असिस्ट और रिवर्स कैमरा भी देखने को मिल सकते हैं। स्ट्रोम आर2 के पावर, बैटरी रेंज और स्पीड की बात करें तो इसमें 48 वोल्ट का इलेक्ट्रिक मोटर लगा है, जो कि 15केडब्ल्यू यानी 20.4 पीएस तक की पावर और 90 एनएम टॉर्क जेनरेट कर सकने में सक्षम है। इस इलेक्ट्रिक कार को एक बार फुल चार्ज करने पर 200 किलोमीटर तक चलाने का कंपनी दावा करती है। इसे 120 केएम और 180केएम बैटरी रेंज वाले वेरिएंट में भी लॉन्च किए जाने की बात सामने आ रही है।

इस इलेक्ट्रिक कार को फुल चार्ज होने में 3 घंटे लगते हैं और इसकी टॉप स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटे की है। इसके साथ 3 साल या एक लाख किलोमीटर तक की गारंटी दी जा रही है। मालूम हो कि भारत में इलेक्ट्रिक कारों की अच्छी बिक्री हो रही है, लेकिन सबसे दिक्कत यह है कि अब भी इलेक्ट्रिक कारें आम लोगों की पहुंच से बाहर है। आपको 10 लाख रुपये से ज्यादा प्राइस रेंज में टाटा नेक्सॉन ईवी, टिगोर ईवी और एमजी जेडएस ईवी समेत अच्छी इलेक्ट्रिक कारें मिल जाएंगी, लेकिन 10 लाख से कम की नहीं।