आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु के गिरफ्तार मंत्री वी सेंथिल बालाजी को मुख्यमंत्री की सहमति के बिना हटाया नहीं जा सकता। कोर्ट ने उन्हें हटाने के एक सामाजिक कार्यकर्ता की अर्जी को खारिज कर दिया। SC ने मद्रास हाईकोर्ट के फैसले से सहमति जताई था जिसमें कहा गया था कि मुख्यमंत्री यह तय कर सकते हैं कि मंत्री बालाजी को राज्य मंत्रिमंडल में रखा जाना चाहिए या नहीं।
पुणे में बारामती एग्रो पर ED की रेड, शरद पवार के परिवार की कंपनी है
महाराष्ट्र स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले मामले में ED ने शुक्रवार (5 जनवरी) को पुणे के बारामती में रेड डाली है। यहां पर बारामती एग्रो पर छापेमारी की गई है।
साल 2019 में मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक घोटाले में वर्तमान में राज्य के डिप्टी सीएम अजीत पवार सहित 70 अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन मुंबई पुलिस ने सबूतों के अभाव में केस बंद कर दिया था।
वहीं, ED ने करोड़ों एमएससीबी घोटाले में मुंबई पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट का विरोध किया है। सामने आया था कि बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर में शरद पवार के करीबी थे। उन्होंने बारामती एग्रो सहित कई ऐसी कंपनी को लोन दिया जो डूब गया। बारामती एग्रो शरद पवार के परिवार द्वारा संचालित कंपनी है।
कोलकाता में मौजूद देश के सबसे बड़े इंडियन म्यूजियम को बम से उड़ाने की धमकी, टेरराइजर्स 111 नाम के ग्रुप ने भेजा मेल
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मौजूद देश के सबसे बड़े म्यूजियम इंडियन म्यूजियम को बम से उड़ाने का धमकी भरा मेल शुक्रवार (5 जनवरी) कोलकाता पुलिस को मिला। मेले टेरराइजर्स 111 नाम के ग्रुप ने भेजा है। फिलहाल बॉम्ब स्क्वाड के साथ-साथ भारी पुलिस फोर्स इंडियन म्यूजियम में मौजूद है और जांच कर रही है। म्यूजियम में लोगों को एंट्री को रोक दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में एक आतंकवादी ढेर, दूसरे की तलाश में जुटे सुरक्षाबल
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के चोटीगाम इलाके में शुक्रवार (5 जनवरी) की सुबह से शुरू हुई आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकी का एनकाउंटर कर दिया गया है। मारे गए आतंकवादी की पहचान बिलाल अहमद भट के रूप में हुई है, जो लश्कर आतंकी संगठन से जुड़ा था। मुठभेड़ स्थल से एक एके-47 राइफल और तीन मैगजीन बरामद की गई हैं।
उसके एक और साथी के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। इलाके में 2 आतंकियों के छिपे होने की खबर मिलने के बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तलाशी अभियान चलाया था।