आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मण्डल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में भोपाल मंडल पर 02 अक्टूबर 2023 तक विभिन्न गतिविधियों द्वारा मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छ नीर दिवस पर मण्डल के विभिन्न स्टेशनों पर नामित अधिकारियों के नेतृत्व में स्टेशन पर स्थित फिल्टर प्लांट, रिसाइकिलिंग प्लांट, प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों को सप्लाई किये जा रहे पानी की गुणवत्ता के साथ साथ स्टेशन पर वाटर स्टेण्डों में पीने के पानी और नलों, रेलवे कालोनियों, अस्पताल में पानी की जांच की गई। स्टेशन पर संचालित स्टालों पर मिलने वाली पानी की बोतलों के निर्माण तिथि एवं वैधता तिथि की जांच की गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी, पश्चिम मध्य रेल,भोपाल के द्वारा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया एवं निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत एक्वाफिना (Aquafina) पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बोतल, खाद्य सामग्री का खाद्य नमूना विश्लेषण कराने हेतु एकत्र किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत हरदा, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, भोपाल, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा, बीना, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी आदि स्टेशनों पर अधिकारियों और पर्यवेक्षक कर्मचारियों द्वारा पीने के पानी की मानक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नलों, वाटर स्टैंडों एवं बोतल बन्द पानी की गहन जांच की गई।

इसके अलावा आज मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कालोनियों, रेलवे लाइन के किनारे, यार्ड एरिया में रेल कर्मियों द्वारा गहन साफ सफाई अभियान चलाया गया।
रेल प्रशासन द्वारा स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली द्वारा भी स्वच्छता जागरूकता संबंधी संदेशों का प्रसारण कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।