ITDC India e-Press / Agencies

अलीगढ़ में निलंबित दरोगा ने की आत्महत्या, पिता बेटे का शव देख बेसुध

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ:उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 27 वर्षीय निलंबित दरोगा सुंदरम तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह उनका शव बन्नादेवी थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी स्थित किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। घटना के समय उनके पिता श्रीचंद तिवारी घर से नाश्ता लेने बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर बेटे का शव देखकर वह बेसुध हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

सुंदरम तिवारी मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के परौरा गांव के निवासी थे। करीब तीन साल पहले उत्तर प्रदेश पुलिस की दरोगा भर्ती में उनका चयन हुआ था। वर्तमान में वह अलीगढ़ में तैनात थे और अपने पिता के साथ किराए के मकान में रह रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, तीन दिन पहले सुंदरम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह दीवानी कचहरी परिसर के बाहर कथित तौर पर शराब के नशे में दिखाई दे रहे थे। वीडियो का संज्ञान लेते हुए अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें निलंबित कर दिया था। इसके बाद उन्हें पुलिस लाइन में हाजिरी लगाने के निर्देश दिए गए थे।

परिजनों के मुताबिक, निलंबन की कार्रवाई के बाद से सुंदरम परेशान चल रहे थे। उनके पिता ने बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे बेटे ने उन्हें नाश्ता लाने के लिए बाजार भेजा था। कुछ देर बाद लौटने पर वह कमरे में फंदे से लटका मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी और एसपी सिटी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #अलीगढ़ #निलंबित #दरोगा #आत्महत्या #पिता #बेटे #देख #अलीगढ़मेंनिलंबितदरोगा