आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) संजय कुंडू सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए हैं। दरअसल, हिमाचल हाईकोर्ट ने कारोबारी निशांत शर्मा को धमकाने से जुड़े केस में बीते मंगलवार को DGP और SP कांगड़ा को पद से हटाने के आदेश दिए है। इन आदेशों को चुनौती देने के लिए संजय कुंडू ने शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया है। संजय कुंडू IPS बनाम रजिस्ट्रार जनरल हाईकोर्ट ऑफ हिमाचल प्रदेश का केस सुप्रीम कोर्ट में अभी लिस्ट होना है।

हाईकोर्ट ने निशांत शर्मा की शिकायत पर स्वत: संज्ञान लिया था। इस केस में चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव और जस्टिस ज्योत्सना रेवाल दुआ की बैंच ने हिमाचल के सेक्रेटरी (होम) को निर्देश दिए कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इन दोनों अफसरों को उनके पदों से बदला जाना चाहिए। हाईकोर्ट में अब 4 जनवरी को इसकी फिर सुनवाई होनी है। लिहाजा राज्य सरकार को इससे पहले DGP को बदलना है। ऐसा नहीं किया तो अदालत के आदेशों की अवमानना मानी जाएगी।

कोर्ट के संज्ञान लेने पर 21 दिन की देरी से की FIR

मूल रूप से कांगड़ा के रहने वाले कारोबारी निशांत शर्मा ने 28 अक्टूबर को कांगड़ा पुलिस को शिकायत देकर कुछ लोगों पर उन्हें धमकाने के साथ-साथ DGP संजय कुंडू पर भी गंभीर आरोप लगाए थे लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की। इसी बीच निशांत शर्मा की ओर से की गई ईमेल पर हाईकोर्ट ने स्वतः: संज्ञान लिया। तब कांगड़ा पुलिस ने 21 दिन बाद निशांत शर्मा की शिकायत पर एक्शन लेते हुए मैक्लोडगंज थाने में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की।

बेहद हाई प्रोफाइल मामला होने की वजह से हाईकोर्ट खुद इस केस की मॉनिटरिंग कर रहा है। कांगड़ा पुलिस लगभग दो महीने बाद भी निशांत शर्मा को धमकाने वाले लोगों को आइडेंटिफाई नहीं कर पाई। हाईकोर्ट ने 20 दिसंबर को ही केस की सुनवाई के दौरान बेहद सख्त टिप्पणी करते हुए सरकार से पूछा था कि इस मामले में वह कोई कार्रवाई करेगी या फिर कोर्ट खुद ही ऑर्डर जारी करे।

इस टिप्पणी के हफ्तेभर बाद मंगलवार को केस की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने DGP संजय कुंडू और कांगड़ा की SP शालिनी अग्निहोत्री को पद से हटाने के अंतरिम आदेश जारी कर दिए।

DGP ने बार-बार फोन किए, निशांत की सर्विलांस कराई

हिमाचल हाईकोर्ट ने दोनों अफसरों को हटाने संबंधी अपने अंतरिम आदेश में कहा कि DGP संजय कुंडू ने निशांत शर्मा को बार-बार फोन कॉल किए। DGP ने कुछ पुलिस कर्मचारियों को भी निशांत की सर्विलांस में लगाया। कांगड़ा की SP शालिनी अग्निहोत्री के बारे में अदालत ने कहा कि निशांत शर्मा की शिकायत पर कांगड़ा पुलिस ने प्रभावी ढंग से जांच नहीं की।

अदालत ने कहा कि न्याय होना ही नहीं चाहिए बल्कि दिखना भी चाहिए कि न्याय हुआ है ताकि समाज में स्पष्ट संदेश जाए। इसी को देखते हुए हाईकोर्ट ने दोनों IPS अफसरों को उनके मौजूदा पदों से हटाने के आदेश दिए हैं।

 

अपने 17 पेज के अंतरिम आदेश में कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह दोनों पक्षों के दावों की योग्यता पर कोई राय व्यक्त नहीं कर रहे। मामले की जांच अभी भी पूरी नहीं हुई है।

शिकायतकर्ता ने जताया था निष्पक्ष जांच में संदेह

दरअसल, 20 दिसंबर को केस की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता निशांत शर्मा के वकील नीरज गुप्ता ने अदालत में दलील दी थी कि जब तक संजय कुंडू हिमाचल पुलिस के DGP पद पर कायम हैं, तब तक इस केस की निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। इस पर हाईकोर्ट की बैंच ने बेहद सख्त टिप्पणी करते हुए राज्य सरकार से पूछा था- इस केस में आपने कुछ करना है या हम ही ऑर्डर करें?

समझें क्या है ये पूरा मामला …

निशांत शर्मा जता चुके जान को खतरा

निशांत शर्मा ने 28 अक्टूबर 2023 को हिमाचल पुलिस को शिकायत देकर अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताया। निशांत के अनुसार, उन पर 25 अगस्त 2023 को गुरुग्राम में हमला हुआ जिसमें वह खुद और उनका ढाई साल का बेटा घायल हो गया। उस हमले की CCTV फुटेज मौजूद है जिसकी जांच हरियाणा पुलिस कर रही है।

निशांत के मुताबिक उस हमले के तार हिमाचल से जुड़े हैं। गुरुग्राम में हुए हमले के 2 महीने बाद, 27 अक्टूबर 2023 को धर्मशाला के भागसूनाग में कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोककर धमकी दी। इस धमकी के अगले ही दिन, 28 अक्टूबर को उन्होंने कांगड़ा पुलिस को शिकायत दे दी मगर 3 हफ्ते तक पुलिस ने FIR ही दर्ज नहीं की।

हाईकोर्ट के सूमोटो लेने पर दर्ज की FIR

इसके बाद निशांत शर्मा ने हाईकोर्ट को भेजी गई ईमेल में कहा कि उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है। उन पर हरियाणा के गुरुग्राम के साथ-साथ मैक्लोडगंज में भी हमला हो चुका है। निशांत शर्मा ने इस आधार पर कोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की थी कि उसे प्रभावशाली लोगों से सुरक्षा की जरूरत है। हाईकोर्ट ने इस ईमेल का स्वत: संज्ञान लेते हुए कांगड़ा और शिमला जिलों के SP से रिपोर्ट मांग ली।

हाईकोर्ट की इस जवाबतलबी के बाद कांगड़ा पुलिस ने मैक्लोडगंज थाने में FIR दर्ज कर ली। निशांत शर्मा की शिकायत के 21 दिन बाद उन्हें धमकी देने के आरोप में ये FIR 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई।

हाईकोर्ट के आदेश पर इस FIR की जांच कांगड़ा की SP शालिनी अग्निहोत्री खुद कर रही थीं मगर पुलिस 2 महीने बाद भी निशांत शर्मा को धमकाने वाले लोगों की पहचान नहीं कर पाई।

DGP भी करवा चुके निशांत के खिलाफ FIR

उधर DGP संजय कुंडू ने भी निशांत शर्मा पर उनका नाम घसीटकर उन्हें बदनाम करने और उनकी छवि खराब करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए छोटा शिमला पुलिस थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज करा दी। इसमें निशांत शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने DGP समेत अन्य अफसरों को जो शिकायत-पत्र लिखे, उनमें अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इस FIR की जांच शिमला के SP कर रहे हैं।