सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल : गुजरात के वडोदरा शहर में गुरुवार (18 जनवरी) को हरणी लेक में नाव पलट गई थी। इस पर 23 स्कूली बच्चे और 4 टीचर्स सवार थे। इनमें से 12 बच्चों और 2 टीचर्स की मौत हो गई। इस मामले में अब एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि लेक के रखरखाव की जिम्मेदारी एक अनुभवहीन कंपनी को दी गई थी।
साल 2016 में लेक का ठेका मेसर्स कोटिया प्रोजेक्ट को 30 साल के लिए दिया गया था। जबकि, इस कंपनी को सिर्फ स्नैक्स बनाने का ही अनुभव है। कॉन्ट्रैक्ट के वक्त कंपनी का बैंक बैलेंस शून्य था और उस समय कोई आईटी दस्तावेज भी जमा नहीं किए गए थे।
विपक्ष ने किया था टेंडर प्रक्रिया का विरोध
लेक का टेंडर देने के दौरान विपक्ष ने इसका विरोध भी किया था। इसके चलते टेंडर प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया था, लेकिन दो महीने बाद ही टेंडर को मंजूरी दे दी गई थी। टेंडर स्नैक्स बनाने वाली कंपनी मेसर्स कोटिया प्रोजेक्ट को मिला था।
वडोदरा नगर निगम के विपक्ष के नेता अमी रावत ने कहा कि राजनीतिक दबाव में यह ठेका दिया गया था। इसके लिए उस समय के सभी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मेसर्स कोटिया के प्रबंधकों के खिलाफ भी दर्ज हुई FIR
इस मामले में मेसर्स कोटिया प्रोजेक्ट के प्रबंधकों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। वडोदरा कॉरपोरेशन में कार्यकारी अभियंता के पद पर कार्यरत राजेश चौहान ने हरणी पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई एफआईआर में कहा है कि हरणी लेक जोन में काम का वर्क ऑर्डर मेसर्स कोटिया प्रोजेक्ट को सौंपा गया है।
इसके तहत हरणी लेक परिसर में बोटिंग, खाना-पीना, बैंक्वेट हॉल वाटर पार्क जैसी मनोरंजक सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं। इसलिए हादसे की पूरी जिम्मेदारी मेसर्स कोटिया प्रोजेक्ट की है।
मेसर्स कोटिया का ठेकेदार परेश शाह फरार
हादसे के वक्त एक ही नाव पर 23 स्कूली बच्चे और चार टीचर्स सवार थे। रेस्क्यू के दौरान 20 लोगों को निकाला गया, जिनमें 12 बच्चों और 2 टीचर्स की मौत हो गई। नाव में सवार बाकी 11 बच्चे और 2 टीचर को बचा लिया गया है। इस मामले में वडोदरा क्राइम ब्रांच ने अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, लेक की देखरेख करने वाला मेसर्स कोटिया प्रोजेक्ट का ठेकेदार परेश शाह फरार है।
परेश शाह ने दूसरे तो दूसरे ने तीसरे को दिया ठेका
कोटिया प्रोजेक्ट्स के जरिए लेक की देखरेख करने का मूल ठेका परेश शाह को मिला था। लेकिन, परेश शाह ने इसका ठेका फन टाइम अरीना नामक कंपनी के मालिक नीलेश शाह को सौंप दिया था। इसी में नीलेश शाह ने बोटिंग का ठेका दूसरे ठेकेदार नयन गोहिल को दे रखा था। यह भी जानकारी मिल रही है कि नाव चालक नयन गोहिल लेक किनारे लॉरी भी चलाता है।