सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सिंधी समाज की अग्रणी संस्था ‘सिंधी सेन्ट्रल पंचायत’ के त्रिवर्षीय चुनाव गुरुवार को हुए, जिसका परिणाम बैरसिया रोड स्थित पंचायत कार्यालय में चुनाव अधिकारी कन्हैयालाल दलवानी ने घोषित किया। इस चुनाव में विधानसभा से सेवानिवृत्त प्रमुख सचिव भगवानदेव इसरानी की पैनल का कब्जा बरकरार रहा है।
इस चुनाव में किशोर तनवानी अध्यक्ष और हरीश नागदेव महासचिव निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा दिनेश मेंघानी, लखन दादलानी, रवि भूरानी, हरी रोहरा, मनोज नाथानी सचिव, राजेश भूरानी कोषाध्यक्ष, दर्शन कुकरेजा आडीटर और पंकज छुगानी सह कोषाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किए गए हैं।
संस्था के उपाध्यक्ष के 5 पद हैं और 6 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें से किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया है, इसलिए चुनाव की स्थिति बन गई है। इस पद के लिए चुनाव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 फरवरी को सुंदरवन में कराए जाएंगे। वहीं नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम 25 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। अध्यक्ष किशोर तनवानी ने सभी से सहयोग की अपेक्षा की है।
तनवानी ने सभी को साथ लेकर काम करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही महिला विंग की भी घोषणा की जाएगी। उधर, परिणामों की घोषणा होते ही पंचायत के सदस्यों ने निर्वाचित पदाधिकारियों का ढोल-ढमाकों से शाल श्रीफल देकर सम्मान किया। निर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों ने खुशियां मनाते खूब डांस किया। निर्वाचन पर अधिकांश मोहल्ला पंचायत के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और महिलाएं भी उपस्थित रहे।