आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मुख्यमंत्री के पद तो आ-जा सकते हैं, लेकिन मामा और भाई का पद कभी कोई नहीं छीन सकता। शिवराज ने कहा, कहीं न कहीं कोई बड़ा उद्देश्य होगा यार… कई बार राजतिलक होते-होते वनवास भी हो जाता है, लेकिन जरूर किसी न किसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए होता है। शिवराज ने यह बात मंगलवार को बुधनी के शाहगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं से कही। उनकी बातें सुनकर लाड़ली बहनें गले लगकर रो पड़ीं।
शिवराज बोले, चिंता मत करना, मेरी जिंदगी आपके लिए, जनता जनार्दन के लिए, मेरी बहनों के लिए हैं, मेरे बेटे-बेटियों के लिए है। इस धरती पर इसलिए आया हूं कि तुम्हारी जिंदगी में कोई तकलीफ नहीं रहने दूंगा। तुम्हें छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा।
कहा- सभी योजनाएं जारी रहेंगी
पूर्व सीएम शिवराज ने कहा, मैं बहुत गंभीरता से कह रहा हूं, तुम्हें छोड़कर कभी नहीं जाऊंगा। क्या इतने छोटे बच्चे कभी सभा में आते हैं? ये अपने मामा के लिए आए हैं। बहनों की योजनाएं भी जारी रहेंगी और भांजे-भांजियों के कल्याण में भी कोई कसर नहीं रहेगी। चाहे गरीब हो, किसान हो… हमने जो कहा है वो करेंगे। लाड़ली बहना के लिए जो कहा है वो करेंगे। सरकार बीजेपी की है, कांग्रेस की थोड़ी है।
शिवराज ने कहा, सरकार काम करेगी। लाड़ली बहनों के साथ-साथ लाड़ली बहना आवाज योजना, प्रत्येक परिवार एक रोजगार जैसी योजनाओं को सरकार आगे बढ़ाएगी। किसानों के लिए जो वचन दिए वो भी पूरे होंगे।
शिवराज से लिपटकर फिर रोईं ‘लाड़ली बहनें:अमरकंटक में दिखा भावुक नजारा
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिन के प्रवास पर गुरुवार रात अमरकंटक पहुंचे। यहां होलीडे होम में महिलाएं उनसे लिपटकर रोने लगीं। इस दौरान पूर्व सीएम भी भावुक नजर आए। इससे पहले बुधवार को वे जबलपुर के बरगी में थे। यहां रात रुके। पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। यहां भी ‘लाड़ली बहनें और भांजियां’ उनसे लिपटकर रोने लगीं।
शिवराज सिंह की आंखों से निकले आंसू:विदिशा में लिपटकर रोईं लाड़ली बहनें
लाड़ली बहनों ने मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को विदिशा में भावुक कर दिया। शिवराज बाढ़ वाले गणेश मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। यहां लाड़ली बहनों ने नारे लगाए- ‘शिवराज तुम राज करो, हम तुम्हारे साथ हैं’.. ‘बहनों का भाई कैसा हो, शिवराज भैया जैसा हो’.. इसके बाद बहनें शिवराज सिंह से लिपटकर रोने लगीं। भीड़ से शिवराज के लिए ‘आई लव यू मामा’ कहा। यह देखकर शिवराज सिंह की आंखों से आंसू बहने लगे।