ITDC India e-Press / Agencies

शाह ने यूपी चुनाव के लिए तय किए तीन मुद्दे, UCC लागू करने का ऐलान

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए चुनावी रणनीति के प्रमुख मुद्दों के संकेत दिए। इनमें विकास, राष्ट्रवाद और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को प्रमुखता दी गई है। शाह ने स्पष्ट कहा कि यदि 2027 के चुनाव में भाजपा फिर से सत्ता में आती है, तो उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी।

शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद और नाराजगी भुलाकर चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के भरोसे नहीं जीते जाते, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती से जीत हासिल होती है। उन्होंने बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने की अपील की।

अपने संबोधन में शाह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने उन्हें ‘अखिलेश बाबू’ कहकर संबोधित किया और दावा किया कि सपा अगले 30 वर्षों तक उत्तर प्रदेश में सरकार नहीं बना पाएगी। शाह ने राम मंदिर आंदोलन और वर्ष 1990 में अयोध्या में कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग का मुद्दा उठाते हुए सपा नेतृत्व को घेरा। उन्होंने कहा कि उस समय कारसेवकों पर गोलियां चली थीं, जबकि भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त किया। शाह ने विपक्ष के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर भी सवाल उठाए और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा की चुनौती दी। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #शाह #यूपी #चुनाव #किए #तीन #मुद्दे #Ucc #शाहनेयूपीचुनाव