आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बाहुबली प्रभास आज 44 साल के हो चुके हैं। भारत में पैन इंडिया फिल्मों का ट्रेंड लाने वाले प्रभास की जब भी कोई फिल्म रिलीज होती है तो साउथ में कई शहर सजा दिए जाते हैं। हालांकि, एक समय ऐसा था जब प्रभास हीरो नहीं बनना चाहते थे। चाचा की जिद पर जब प्रभास फिल्मों में आए तो उनका शुरुआती सफर आसान नहीं रहा।
आज प्रभास के जन्मदिन के मौके पर पढ़िए उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें-
23 अक्टूबर 1979 को प्रभास का जन्म मद्रास, तमिलनाडु में हुआ था। उनका पूरा नाम उप्पलापती वेंकट सूर्यानारायण प्रभास राजू है, जो साउथ के पॉपुलर प्रोड्यूसर उप्पलापती सूर्या नारायण के बेटे हैं। तीन भाई-बहनों में प्रभास सबसे छोटे हैं।
प्रभास की शुरुआती शिक्षा भीमवरम के डी.एन.आर स्कूल से हुई है। प्रभास ने हैदराबाद के नालंदा कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद सत्यानंद फिल्म इंस्टीट्यूट, विशाखापट्टनम में दाखिला लिया था।
फिल्मी परिवार से होने के बावजूद प्रभास कभी हीरो नहीं बनना चाहते थे। वो चाहते थे कि होटल बिजनेस करें, क्योंकि उन्हें खुद भी खाने-पीने का शौक था।
कैसे फिल्मों में आए प्रभास?
प्रभास के घरवाले चाहते थे कि वो फिल्मों में आएं। एक दिन उनके चाचा ने उन्हें एक फिल्म का ऑफर दिया। वो चाहते थे कि प्रभास ही फिल्म के हीरो बनें क्योंकि उस फिल्म में हीरो का किरदार काफी हद तक प्रभास के असली किरदार से मिलता था। प्रभास काफी दिनों तक मना करते रहे, लेकिन परिवार वालों की खातिर आखिरकार उन्होंने फिल्म साइन कर ली।
वो फिल्म साल 2002 में रिलीज हुई। फिल्म का नाम ईश्वर था। हालांकि, इस फिल्म से प्रभास को कोई खास पहचान नहीं मिली। इसके बाद वो 2004 की फिल्म वर्षम में दिखे, जिससे उन्हें साउथ इंडस्ट्री में पहचान हासिल हो गई।
एसएस राजामौली की फिल्म से मिला था स्टारडम
साल 2005 में प्रभास एसएस राजामौली की फिल्म छत्रपति में नजर आए। इस फिल्म से प्रभास की यूनीक स्टाइल और चार्म दर्शकों को पसंद आने लगा, जिससे उन्हें स्टारडम हासिल हुआ। आगे प्रभास ने डार्लिंग, मिस्टर परफेक्ट और रेबल जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया।
पैन इंडिया स्टार बनने से पहले की थी बॉलीवुड फिल्म, नहीं मिली खास पहचान
2015 में फिल्म बाहुबली से देशभर में पॉपुलैरिटी हासिल करने से पहले प्रभास 2014 में रिलीज हुई फिल्म एक्शन जैक्सन में दिखे थे। वो फिल्म के गाने पंजाबी मस्त में दिखे थे, हालांकि पहली बॉलीवुड फिल्म से उन्हें देश में कोई पहचान नहीं मिली।