नई दिल्ली । बाजार नियामक सेबी ने एक्सिस म्यूचुअल फंड के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। एक्सिस म्यूचुअल फंड पर फ्रंट रनिंग का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि दो फंड मैनेजर इस काम को अंजाम देते थे। इस वजह से दोनों फंड मैनेजर को हटा दिया गया है। मनीकंट्रोल ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि एक्सिस म्यूचुअल फंड ने आरोपी फंड मैनेजर्स विरेश जोशी और दीपक अग्रवाल को फंड से हटा दिया है।
सेबी की जांच जारी रहने तक ये दोनों किसी भी फंड का प्रबंधन नहीं कर सकेंगे। विरेश जोशी पांच म्यूचुअल फंड स्कीम्स के फंड मैनेजर और हेड डीलर थे। जबकि दीपक अग्रवाल एक्सिस म्यूचुअल फंड के तीन स्कीम्स के फंड मैनेजर और इक्विटी रिसर्च एनालिस्ट थे। जानकारी के मुताबिक ये दोनों नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। दोनों मैनेजर एक्सिस म्यूचुअल फंड के लिए शेयर लेने से पहले खुद ही वो शेयर खरीद लेते थे।
इसकी जानकारी जब बाजार नियामक सेबी को लगी तो सेबी ने जांच शुरू कर दी। फ्रंट-रनिंग के तहत फंड मैनेजर अपने व्यक्तिगत डीमैट खातों के जरिये शेयरों को खरीदने या बेचने में शामिल हो सकता है। चूंकि म्यूचुअल फंड बड़ी मात्रा में सौदा करते हैं, उनके सौदे का शेयर की कीमत पर असर पड़ता है। एक फ्रंट रनर इसके जरिये लाभ कमा सकता है या नुकसान से बच सकता है।