आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संसद के शीतकालीन सत्र का शुक्रवार (15 दिसंबर) को दसवां दिन है। 11 बजे लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई। दोनों सदनों में संसद की सुरक्षा में चूक पर हंगामा हुआ। इस मसले पर विपक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह के सदन में बयान देने की मांग की। हंगामे के चलते लोकसभा 11.02 बजे और राज्यसभा 11.09 मिनट पर 2 बजे तक के लिए स्थगित हो गई।

JDU सांसद ललन सिंह ने 14 दिसंबर को कहा था- अगर संसद में घुसने वाले अगर मुसलमान होते तो ये लोग (BJP) देश-दुनिया में तूफान मचा दिए होते। उसी के नाम ये लोग देश में उन्माद मचा दिए होते। अगर कांग्रेस के सांसद की अनुशंसा पर आए विजिटर्स ने ऐसा किया तो देखते कि इनका रवैया क्या होता।

उधर, विपक्षी पार्टियों ने 14 सांसदों के निलंबन को लेकर संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन कर रहे 14 निलंबित सांसदों से सोनिया गांधी मिलने पहुंची थीं।

किसने क्या कहा?

कनिमोझी (DMK)- भाजपा बार-बार कह रही है कि केवल वे ही हैं, जो देश की रक्षा कर सकते हैं, लेकिन वे संसद की भी रक्षा नहीं कर पा रहे। प्रधानमंत्री वहां अंदर हो सकते थे। संसद में वे अपने ही प्रधानमंत्री की रक्षा नहीं कर सके और फिर कह रहे हैं कि हम इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं…। जो कुछ भी हुआ, उसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।

मनिकम टैगोर (कांग्रेस)- भारत गठबंधन के सभी सांसद एकजुट हैं और कल हम सभी को अलोकतांत्रिक तरीके से निलंबित कर दिया गया। हम गांधी प्रतिमा के सामने मौन प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध जारी रखेंगे।

राजीव शुक्ला (कांग्रेस)- संसद सदस्यों को निलंबित किया जा रहा है और सदन छोड़ने के लिए कहा जा रहा है। अब विपक्ष के पास क्या बचा है? लोग सदन में बोलने के लिए विपक्ष को चुनते हैं।

प्रह्लाद जोशी (संसदीय कार्य मंत्री)- स्पीकर ने जो भी निर्देश दिए हैं, सरकार उनका अक्षरश: पालन कर रही है। मामला कोर्ट में भी है, हाईलेवल जांच चल रही है। विपक्ष को जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करना चाहिए।

कल 14 सांसद सस्पेंड कर दिए गए थे

संसद की सुरक्षा चूक पर गुरुवार 14 दिसंबर को भी दिनभर सदन में हंगामा हुआ था। लोकसभा और राज्यसभा से विपक्ष के 14 सांसदों को पूरे सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया। इनमें 13 लोकसभा सांसद हैं, जिनमें कांग्रेस के 9, CPI (M) के 2, DMK और CPI के एक-एक सांसद हैं। राज्यसभा से TMC सांसद डेरेक ओ’ ब्रायन को पूरे सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया।