सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संसद भवन की सुरक्षा के लिए सोमवार से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की तैनाती कर दी गई। संसद परिसर में 140 CISF कर्मियों की टुकड़ी तैनात की गई है। 31 जनवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र के दौरान संसद आने वाले दर्शकों और उनके सामान की तलाशी CISF ही लेगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पिछले साल 13 दिसंबर को कुछ लोगों के संसद कक्ष में प्रवेश करने और रंगीन धुआं छिड़कने के मद्देनजर सुरक्षा की समीक्षा की थी। इसके बाद CISF तैनात करने की मंजूरी दी गई थी।
जामिया मिलिया इस्लामिया में लगे ‘जस्टिस फॉर बाबरी’ के नारे, वीडियो वायरल
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दिन यानी 22 जनवरी को दिल्ली की जामिया यूनिवर्सिटी में विवादित नारे लगाने के वीडियो वायरल हुए। यूनिवर्सिटी में ‘जस्टिस फॉर बाबरी’, ‘फाइट फॉर बाबरी’ और ‘बॉयकॉट फॉर बाबरी’ जैसे नारे लगाए गए। एक और वायरल वीडियो में दो गुटों के बीच झड़प होती दिख रही है। इसमें एक छात्र दावा कर रहा है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने ‘राम की कब्र खुदेगी, जामिया की धरती’ पर नारा भी लगाया था।
मामले में साउथ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी राजेश देव ने कहा कि वायरल वीडियो कैंपस के अंदर के हैं। इसके बाहर कोई प्रोटेस्ट नहीं हुए। घटना को देखते हुए पुलिस की तैनाती की गई है। हालांकि, पुलिस परिसर के अंदर नहीं गई है।
यूपी का 60 पैराशूट फील्ड हॉस्पिटल सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए चुना गया
उत्तर प्रदेश स्थित 60 पैराशूट फील्ड हॉस्पिटल को इस साल सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए चुना है। केंद्र सरकार ने 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर इसका ऐलान किया।डिजास्टर मैनेजमेंट में बेहतरीन काम करने के लिए 60 पैराशूट फील्ड हॉस्पिटल को इंस्टीट्यूशनल कैटेगरी में यह पुरस्कार दिया जाएगा। 60 पैराशूट इंडियन आर्मी की एकमात्र मेडिकल यूनिट है। 1942 में इसकी स्थापना की गई थी।
यह ग्लोबल क्राइसिस में लोगों की मदद के लिए जानी जाती है। इसने उत्तराखंड बाढ़ (2013), ऑपरेशन मैत्री (2015) के तहत नेपाल भूकंप और ऑपरेशन समुद्र मैत्री (2018) के तहत इंडोनेशिया में सुनामी के दौरान मेडिकल हेल्प मुहैया करवाई थी।
महाराष्ट्र के वसई रेलवे स्टेशन पर 3 रेल कर्मचारियों की ट्रेन ने कटकर मौत
महाराष्ट्र में मुंबई से सटे वसई रेलवे स्टेशन पर तीन रेल कर्मचारियों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह हादसा सोमवार की रात हुआ। बताया गया कि तीनों कर्मचारी रेल पटरी पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वे लोकल ट्रेन की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान इंजीनियर बासु मित्रा, सोमनाथ उत्तम और हेल्पर सचिन वानखेड़े के रूप में की गई है। रेलवे ने घटना को लेकर जांच के आदेश दिए हैं।