मुम्बई । भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 में जीत से शुरुआत की है। इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को 62 रनों से जीत दिलाई पर इसके बाद भी कप्तान रोहित शर्मा खुश नहीं हैं। इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों को कोई अवसर नहीं दिया।
युवा ईशान किशन ने 56 गेंद में 89 रनों की पारी खेली। इससे भारतीय टीम को आसान जीत मिली पर इसके बाद भी रोहित अपनी टीम की फील्डिंग को लेकर नाराज दिखे और उन्होंने मैच के बाद इसे लेकर नाराजगी भी जताई। श्रीलंका की पारी के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने फील्डिंग के दौरान कई आसान कैच छोड़े।
इससे रोहित नाराज नजर आये। रोहित ने मैच के बाद टीम की फील्डिंग को लेकर कहा, ‘यह अब लगातार हो रहा है। हम आसान कैच गिरा रहे हैं जबकि इस स्तर पर ऐसी उम्मीद नहीं की जा सकती है। हमारे फील्डिंग कोच को अभी और काम करना है। हमें अपनी फील्डिंग में सुधार लाना होगा और इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले हमें एक बेहतर फील्डिंग टीम बनना है और अब इस तरह की गलती नहीं होनी चाहिये।’
वहीं, इस मैच में ईशान के प्रदर्शन से भी कप्तान रोहित उत्साहित नजर आये। रोहित ने कहा, ‘मैं ईशान को लंबे समय से जानता हूं। हम दोनों एक ही फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस से खेलते हैं। मैं उसका माइंडसेट और क्षमता जानता हूं। ईशान के लिए लय हासिल करना जरूरी था, दूसरे छोर से उसे बल्लेबाजी करते देखना अच्छा लगा।