सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राष्ट्रीय फ़ैशन प्रौद्योगिकी संस्थान भोपाल में खादी महोत्सव के अंतर्गत “खादी अनुकूलनशीलता और अभिगम्यता” पर एक वार्ता-सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र के विशिष्ट अतिथि एवं विषय विशेषज्ञ ओम प्रकाश, उप-मुख्य कार्यकारी अधिकारी (म. क्षे.) खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) भोपाल और विनीत कुमार वर्मा, राज्य निदेशक, खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) भोपाल थे।
इस सत्र के दौरान वक्तव्य के मुख्य बिन्दुओं में प्राकृतिक फाइबर, हथकरघा, “ख़ुद बुने, ख़ुद पहनें” , हम खादी पहन रहे हैं तो हम कई लोगों को आजीविका प्रदान कर रहे हैं, खादी को जन-जन का वस्त्र बनाना है जैसे बिन्दु शामिल रहे और साथ ही अतिथि वक्ता ने अनुरोध किया कि साल में एक दिन खादी पहनने का प्रण लें और खादी की tagline “Nation’s pride” को सार्थक करें।
इस सत्र की अध्यक्षता ले. कर्नल आशीष अग्रवाल, निदेशक और अखिल सहाय, संयुक्त निदेशक ने की और सत्र का आयोजन व संचालन स्वाति व्यास , सहायक प्राध्यापक, साक्षी, सहायक प्राध्यापक और स्तुति बिसेन, सहायक प्राध्यापक व निफ्ट भोपाल के छात्र स्वयंसेवकों द्वारा किया गया। यह सत्र निफ्ट भोपाल के अधिकारी, कर्मचारीगण , संकाय सदस्य एवं विद्यार्थियों द्वारा खादी संवर्धन की प्रतिज्ञा के साथ सम्पन्न हुआ।
परिसर में खादी उत्पादों की प्रदर्शनी-सह-बिक्री का आयोजन भी किया गया।
माननीय प्रधान मंत्री द्वारा दिए गए मंत्र “देश के लिए खादी, फैशन के लिए खादी” के अनुरूप इस कार्यक्रम का समापन परिसर में खादी यात्रा के साथ हुआ जो यह दर्शाता है कि खादी अब एक फैशन स्टेटमेंट के रूप में युवाओं में प्रचलित हो रहा है।
सत्र के अंत में स्वाति व्यास , सहायक प्राध्यापक द्वारा यह सूचित किया गया कि निफ्ट भोपाल में दिनांक 19/10/2023 को एक शिल्प मेला लगाया जाएगा जिसमें खादी उत्पादों की प्रदर्शनी-सह-बिक्री होगी और दिनांक 28/10/2023 को आयोजित किए जाने वाले फ़ैशन शो में मॉडल केवीआईसी भोपाल द्वारा प्रायोजित खादी के परिधानों को पहन कर रेंप पर उतरेंगे।