भोपाल । भारतीय रेल ने डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रेलवे सर्विस पोर्टल पर रेल कार्मिक सेवा मानव संसाधन एचआर से संबंधित मामलों के लिए एक वेब पोर्टल शुरू किया है। जिसे प्रारंभ में मध्य रेलवे आधारित विकसित किया गया। पमरे महाप्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह और प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एसके अलबेला के निर्देशन में मंडल रेल प्रबंधकों के नेतृत्व में पश्चिम मध्य रेल ने भी इस पोर्टल को अपनाया है।
इस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन चयन कैलेंडर को सफलतापूर्वक बनाया जा रहा है। ऑनलाइन चयन कैलेंडर का तात्पर्य यह है कि सभी विभागों की विभागीय चयन एवं पदोन्नति की प्रक्रिया तथा रिक्तियों की जानकारियों को ऑनलाइन किया गया है। इस ऑनलाइन चयन प्रक्रिया में विभागीय परीक्षा की नोटिफिकेशन जारी करने से लेकर चयन से संबंधित सभी प्रकार की सूचना और पैनल बनाना आदि को भी ऑनलाइन कर दिया गया है। यह विभिन्न प्रकार की जानकारी प्राप्त करना आसान तरीका है।
इस पोर्टल के यह है फायदे
इस पोर्टल के माध्यम से चयन प्रक्रिया की स्थिति की निगरानी विभागवार और मंडलवार कार्यकारी अधिकारी कर सकेंगे। साथ ही किसी भी विभाग में चयन प्रक्रिया में देरी होने की स्थिति में पहले ही निगरानी कर अग्रिम जानकारी को योजनाबद्ध तरीके से किया जा सकता है। कर्मचारियों के वेतन से संबंधित आधुनिक जानकारी विभागों और श्रेणियों के अनुसार स्वचालित रूप से आईपीएएस से प्राप्त की जा सकती है। संबंधित यूनिट केवल उस श्रेणी का चयन कर सकती है। जिसमें चयन की योजना है और उपयोगकर्ता आईडी के माध्यम से चयन उपयुक्तता या ट्रेड परीक्षण के विभिन्न चरणों को फीड कर सकती है। जिससे पारदर्शिता आएगी और सभी अधिकारियों को जानकारी होगी। इस पोर्टल से कर्मचारियों को अपने पदोन्नति के बारे में भी पता किया जा सकेगा। पोर्टल का उपयोग कार्यकारी अधिकारी द्वारा अपने डेस्कटॉप या मोबाइल फोन पर वांछित विभिन्न अपवाद रिपोर्ट तैयार करने और उन तक पहुंचने के लिए किया जा सकता है।
विनोद/ दशरथ / 23 अगस्त 2021